- शीतल यादव ने सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर हरियाणा लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में 26वीं रैंक हासिल की
- शीतल यादव ने SDM पद प्राप्त किया और गांव कोटिया में उनका जोरदार स्वागत हुआ
- शीतल यादव ने पंजाब विश्वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस में एमए की डिग्री प्राप्त की है
Sheetal Yadav HCS Haryana Success Story: हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले की बेटी शीतल यादव ने कमाल कर दिखाया. सरकारी स्कूल में पढ़कर उन्होंने हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की सिविल सेवा परीक्षा क्रैक की और अब एसडीएम अधिकारी बनने में सफलता हासिल की है. शीतल यादव की सक्सेस स्टोरी उन युवाओं के लिए प्रेरणादायी है, जिन्हें लगता है कि सिविल सेवक बनने के लिए महंगे कॉन्वेंट स्कूलों में पढ़ना जरूरी है. एसडीएम बनने के बाद जब पूरा गांव शीतल यादव के स्वागत के लिए उमड़ा तो उनकी आंखें भर आईं. गला रुंध गया और परिजनों की आंखों से भी खुशी के आंसू निकल पड़े. शीतल के स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
सरकारी स्कूल से शुरू हुई शिक्षा
शीतल यादव गांव कोटिया में दयाराम यादव व चांदकौर की पोती तथा हरिपाल यादव व सुमरत देवी की बेटी हैं. माता-पिता सरकारी शिक्षक हैं. शीतल ने अपनी प्राथमिक शिक्षा गांव गाहरा के सरकारी विद्यालय से प्राप्त की. शिक्षक माता-पिता का तबादला चंडीगढ़ होने के कारण उन्होंने आगे की पढ़ाई पंचकूला और चंडीगढ़ से की. पंजाब विश्वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस में एमए किया. वह शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं. स्नातक की पढ़ाई के दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में दूसरा स्थान प्राप्त किया था.
यह भी पढ़ें- भाई-बहन बने IAS-IPS, पल्लवी मिश्रा-आदित्य मिश्रा की सफलता में संयुक्त परिवार बना सबसे बड़ी ताकत

दादा का सपना किया साकार
शीतल के परिवार के अनुसार, उनके दादा स्वर्गीय दयाराम हमेशा बच्चों की शिक्षा पर जोर देते थे. वह अपनी पोती से भी कहते थे कि खूब पढ़-लिखकर बड़ी अधिकारी बनना. शीतल ने एचसीएस परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने दादा के इसी सपने को साकार किया है. कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद शीतल यादव ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में भी भाग्य आजमाया. वह इंटरव्यू तक पहुंचीं, लेकिन अंतिम सूची में जगह नहीं बना पाईं.
यह भी पढ़ें- रवीना बनेटा बनी SDM, लोग मारते रहे ताने- 'शादी कर दो, लड़की भाग जाएगी', HCS में पाई 49वीं रैंक

UPSC में असफलता के बाद भी नहीं मानी हार
UPSC में सफलता नहीं मिलने के बाद शीतल ने हिम्मत नहीं हारी और हरियाणा लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में 26वीं रैंक हासिल कर एसडीएम बन गईं. मीडिया से बातचीत में शीतल कहती हैं कि सिविल सेवा की तैयारी के लिए सबसे जरूरी है कि खुद को मानसिक रूप से तैयार किया जाए. इसके बाद अनुशासित होकर मेहनत करना जरूरी है. उनके मुताबिक, खुद पर भरोसा रखना, सोशल मीडिया का सही दिशा में इस्तेमाल करना, असफलताओं से हार न मानना और लगातार खुद को प्रेरित करते रहना सफलता की कुंजी है.
गांव में हुआ सम्मान समारोह
हरियाणा सिविल सर्विस परीक्षा में 26वीं रैंक हासिल करने के बाद गांव में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उनके चाचा महिपाल और चाची पिंकी ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर हरिओम मास्टर, पूर्व सरपंच रामकिशन यादव, पूर्व सरपंच विजयपाल यादव, पूर्व सरपंच हरि सिंह, लंबरदार हीरालाल, पूर्व हेडमास्टर जगराम और डॉ. इंद्र सिंह सहित अन्य लोगों ने शीतल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
यह भी पढ़ें- ड्राइवर की बेटी मोना जाखड़ बनीं IPS, बोलीं-मेरी सफलता में जाट समाज का सबसे बड़ा योगदान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं