विज्ञापन

छठ पूजा का विरोध पड़ा भारी; MNS नेता को मुंबई पुलिस का नोटिस, गिरगांव चौपाटी और बाणगंगा में पूजा को लेकर विवाद

मुंबई में छठ पूजा को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. गिरगांव चौपाटी और बाणगंगा तालाब में पूजा सामग्री विसर्जन पर रोक की मांग करने वाले मनसे नेता दिनेश पुंडे को पुलिस ने नोटिस जारी कर दिया है.

छठ पूजा का विरोध पड़ा भारी; MNS नेता को मुंबई पुलिस का नोटिस, गिरगांव चौपाटी और बाणगंगा में पूजा को लेकर विवाद
छठ पूजा के विरोध पर MNS नेता दिनेश पुंडे को पुलिस नोटिस
अल्टर्ड बाय NDTV
  • बाणगंगा और गिरगांव चौपाटी पर छठ पूजा बहस, मनसे नेता के खिलाफ कार्रवाई
  • प्रदर्शन की चेतावनी पर पुलिस अलर्ट, MNS नेता को कानूनी नोटिस
  • मुंबई हाईकोर्ट के आदेश का हवाला
मुंबई:

छठ पूजा को लेकर मुंबई में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और प्रशासन के बीच नया विवाद खड़ा हो गया है. मालाबार हिल विभाग के मनसे अध्यक्ष दिनेश ज्ञानेश्वर पुंडे द्वारा गिरगांव चौपाटी और बाणगंगा तालाब में छठ पूजा के दौरान सामग्री विसर्जन पर रोक लगाने की मांग के बाद पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी किया है. नोटिस में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चेतावनी दी गई है. पुलिस ने मुंबई हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया है कि बाणगंगा परिसर में धार्मिक गतिविधियों को लेकर पहले से निर्देश लागू हैं.

छठ पूजा को लेकर मनसे ने उठाई आपत्ति

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक मालाबार हिल विभाग अध्यक्ष दिनेश ज्ञानेश्वर पुंडे ने 13 नवंबर को मुंबई पुलिस और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को पत्र लिखकर गिरगांव चौपाटी और बाणगंगा तालाब में छठ पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की पूजा सामग्री या अन्य वस्तुओं के विसर्जन पर रोक लगाने की मांग की थी. उन्होंने अपने पत्र में कहा था कि जिस तरह गणेशोत्सव और नवरात्रि के दौरान समुद्र और तालाबों में विसर्जन को लेकर नियम लागू किए जाते हैं, उसी तरह छठ पूजा के दौरान भी समान नियमों का पालन किया जाना चाहिए.

पुलिस द्वारा जारी किया गया नोटिस

पुलिस द्वारा जारी किया गया नोटिस
Photo Credit: NDTV

पुलिस ने जारी किया नोटिस

मनसे नेता की ओर से पत्र भेजे जाने के बाद मालाबार हिल पुलिस स्टेशन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 168 के तहत नोटिस जारी किया है. नोटिस में मुंबई हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कहा गया है कि बाणगंगा तालाब परिसर में छठ पूजा अथवा किसी भी प्रकार की धार्मिक गतिविधि की अनुमति नहीं है. पुलिस के अनुसार अदालत ने जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से यह निर्देश दिए थे.

बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था की भी मांग, बीएमसी बैठक का हवाला

दिनेश पुंडे ने प्रशासन से मांग की थी कि गिरगांव चौपाटी और बाणगंगा तालाब के आसपास लोहे के बैरिकेड्स लगाए जाएं, ताकि किसी प्रकार की सामग्री पानी में न डाली जा सके. उन्होंने छठ पूजा के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने और निगरानी बढ़ाने की भी मांग रखी थी. मनसे की ओर से यह भी दावा किया गया कि 12 नवंबर को बीएमसी के 'डी' वार्ड कार्यालय में हुई एक बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया था कि गिरगांव चौपाटी और बाणगंगा तालाब में छठ पूजा के लिए किसी प्रकार की अनुमति जारी नहीं की गई है. हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में सार्वजनिक रूप से अलग से कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आया है.

कानून-व्यवस्था बिगाड़ने पर एक्शन की चेतावनी

पुलिस ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि मालाबार हिल और दक्षिण मुंबई के संबंधित क्षेत्रों में बिना अनुमति धरना, प्रदर्शन, रैली, मोर्चा, नारेबाजी या रास्ता रोको जैसे कार्यक्रमों की अनुमति नहीं है. साथ ही पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर भी लागू आदेशों का पालन करना अनिवार्य होगा. पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार से कानून-व्यवस्था भंग करने या निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने की स्थिति में कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें : मराठी-अमराठी में फूट डाल रही BJP, छठ पूजा विवाद पर बोले आदित्य ठाकरे, कांग्रेस नेता के बयान से गरमाई सियासत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chhath Puja, Mumbai Chhath Puja, Girgaum Chowpatty, Banganga, MNS Leader
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com