हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनाव चुनाव के नतीजे केवल स्थानीय निकायों की सत्ता परिवर्तन की कहानी नहीं हैं. ये नतीजे कहानी हैं प्रदेश की राजनीति में प्रभावशाली नेताओं की ताकत, संगठन की पकड़ और 2027 विधानसभा चुनाव के संभावित दिशा के. प्रदेश के चार नगर निगमों में से तीन मंडी, धर्मशाला और सोलन में मिली बीजेपी की जीत कांग्रेस सरकार के लिए खतरे की घंटी है, वहीं पालमपुर में कांग्रेस को मिली जीत उसके लिए राहत की तरह है.विधानसभा चुनाव से पहले हुए इस चुनाव को बीजेपी ने जनमत संग्रह बताया है. वहीं कांग्रेस का कहना कि इस चुनाव में प्रदेश के केवल 15 फीसद मतदाताओं ने हिस्सा लिया, इसलिए यह जनमत नहीं है.
सुक्खू सरकार के लिए कैसे रहे नतीजे
नगर निगम चुनाव के परिणाम प्रदेश की कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के लिए राजनीतिक चेतावनी के रूप में देखे जा रहे हैं. हालांकि कांग्रेस पंचायत चुनावों में बेहतर प्रदर्शन का दावा कर रही है, लेकिन शहरी क्षेत्रों में बीजेपी को मिली बढ़त सुक्खू सरकार के लिए चिंता का विषय है. कांग्रेस जिस जिला परिषद चुनाव में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद लगाए बैठी है, उसमें भी बीजेपी समर्थित उम्मीदवारों ने जीत का परचम लहराया है.

नगर निगम चुनाव के परिणामों को बीजेपी ने विधानसभा चुनाव से पहले जनमत संग्रह बताया है.
नगर निगम चुनाव के परिणामों से यह स्पष्ट संकेत मिला है कि शहरी मतदाताओं के बीच कांग्रेस की पकड़ कमजोर हुई है. इसे सुधारने के लिए कांग्रेस को सबसे पहले अपने संगठनात्मक खामियों को दूर करना होगा. इसके साथ ही उसे प्रदेश की सुक्खू सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता के बीच ले जाने की जरूरत है.कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि उसके लिए केवल सत्ता में होना पर्याप्त नहीं है. उसके लिए स्थानीय नेतृत्व, संगठन और जनविश्वास को बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है.
अगर इन चुनाव नतीजों को 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव का प्रारंभिक संकेत माना जाए तो, इसमें बीजेपी के लिए सबसे सकारात्मक संदेश यह है कि उसके क्षेत्रीय चेहरे मजबूत होकर उभरे हैं. मंडी में जयराम ठाकुर, कांगड़ा में सुधीर शर्मा और संगठन स्तर पर राजीव बिंदल की स्थिति और मजबूत हुई है.
क्या नगर निगम चुनाव के नतीजे जनमत संग्रह हैं
फिलहाल नगर निगम चुनावों ने हिमाचल की राजनीति में एक नई बहस शुरू कर दी है. बीजेपी इसे सत्ता परिवर्तन की भूमिका मान रही है, जबकि कांग्रेस इसे स्थानीय चुनावों तक सीमित बताने की कोशिश कर रही है. लेकिन इतना तय है कि इन नतीजों ने 2027 विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात पर कई नए मोहरे सक्रिय कर दिए हैं.
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक इस जीत से उत्साहित बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा है कि जनता ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को पूरी तरह से नकार दिया है. ये चुनाव राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनमत संग्रह साबित हुए हैं. जनता ने बीजेपी के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त किया है.
प्रदेश के 53 शहरी स्थानीय निकायों (ULB) के चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि प्रदेश की जनता का विश्वास कांग्रेस की नीतियों, नेतृत्व और विकासोन्मुखी सोच में बना हुआ है। कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने 29 निकायों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की, जबकि कई अन्य निकायों में… pic.twitter.com/Z7hmIYE6tl
— Sukhvinder Singh Sukhu (@SukhuSukhvinder) May 31, 2026
चुनाव नतीजों पर क्या बोले सीएम सुक्खू
वहीं मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश के 53 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि प्रदेश की जनता का विश्वास कांग्रेस की नीतियों, नेतृत्व और विकासोन्मुखी सोच में बना हुआ है. कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने 29 निकायों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की, जबकि कई अन्य निकायों में मुकाबला बेहद कड़ा और बराबरी का रहा.
उन्होंने इस जनादेश को प्रदेशवासियों के विश्वास, सहयोग और कांग्रेस सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की स्वीकृति का प्रतीक बताया है. उन्होंने कहा कि यह परिणाम जनहित, पारदर्शिता और विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत करने का संदेश देता है.
नगर निगमों के नतीजे आने के बाद मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार और कांग्रेस नेता नरेश चौहान ने कहा कि चुनाव परिणामों की समीक्षा की जाएगी.इसके साथ ही उन्होंने कहा कि केवल चार विधानसभा क्षेत्रों में फैले करीब 15 फीसद मतदाताओं के मतदान पैटर्न के आधार पर पूरे राज्य की स्थिति का निर्धारण नहीं किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: अमेरिका ने ईरानी सैन्य ठिकानों पर बमबारी की और कुवैत पर ड्रोन और मिसाइल हमले हुए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं