बिहार के बांकीपुर विधानसभा चुनाव से पहले सूबे में सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है. जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा, "मेरी पार्टी के चुनावी मैदान में उतरने से बीजेपी 'डर से कांप' रही है और सीट बचाने के लिए अपने पूरे संगठन को काम पर लगा दिया है."
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को चुनाव वाले क्षेत्र में अपनी 'पदयात्रा' के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि बांकीपुर में जन सुराज की संगठनात्मक मौजूदगी सीमित होने के बावजूद, बीजेपी ने उस सीट को बचाने के लिए हजारों कार्यकर्ताओं को तैनात किया है. उन्होंने दावा किया, "एक शख्स के चुनाव में खड़े होते ही पूरी बीजेपी, ऊपर से नीचे तक डर से कांप रही है."
कब होगा मतदान?
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव 30 जुलाई को होगा, जबकि वोटों की गिनती 3 अगस्त को होनी है. प्रशांत किशोर ने कहा कि बीजेपी नेता, जिन्होंने पहले इस क्षेत्र पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया था, अब वोट मांगने के लिए घर-घर जा रहे हैं. उन्होंने कहा, "कल तक उन्हें लगता था कि वे किसी को भी मैदान में उतारें, जीत उनकी ही होगी. आज उनके नेता और मंत्री हर वार्ड और हर घर जा रहे हैं. यही लोकतंत्र की ताकत है."
ये भी पढ़ें: 'मैंने जानबूझकर चुनी बांकीपुर सीट', NDTV से बोले प्रशांत किशोर, कहा- यह सम्राट सरकार का लिटमस टेस्ट होगा
चुनाव रणनीतिकार रहे प्रशांत ने कहा कि उनकी पार्टी का मकसद वोटरों को एक भरोसेमंद सियासी विकल्प देना है.
उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि लोगों के पास विकल्प हो, जिससे कोई भी सियासी दल केवल लालू प्रसाद के डर का हवाला देकर वोट न मांग सके. इस राजनीतिक रिवायत का अंत होना चाहिए. लोगों को खुद को सियासी बंधनों से मुक्त करना चाहिए और सही उम्मीदवार का चुनाव करना चाहिए."
ये भी पढ़ें: प्रशांत किशोर ने क्यों बांकीपुर में खेला खुद उतरने का दांव, क्या नितिन नवीन की छोड़ी सीट पर टिकेंगे पांव?
वोटर्स को पैसे बांटने का आरोप...
प्रशांत किशोर ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ता मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए पैसे और भोजन बांट रहे हैं. उन्होंने लोगों से इस तरह की लालचों में नहीं आने की गुजारिश की है. उन्होंने कहा, "लोग उन्हें जो भी पेशकश की जा रही है, उसे स्वीकार कर सकते हैं, लेकिन मतदान के दिन उन्हें ऐसे नेताओं के खिलाफ मतदान करके सबक सिखाना चाहिए."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं