- ब्रिक्स शिखर सममेलन भारत मंडपम में आयोजित हो रहा है, इस भव्य इमारत के बारे में जानें
- भारत मंडपम की मुख्य इमारत शंख के आकार पर आधारित है जो भारतीय सभ्यता में चेतना और शुभारंभ का प्रतीक है
- भारत मंडपम में 150 से अधिक देशों के प्रतिनिधि एक साथ बैठकर ब्रिक्स के वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे
BRICS 2026 की मेजबानी भारत कर रहा है. देश की राजधानी दिल्ली में ब्रिक्स का आयोजन हो रहा है. भारत मंडपम ही वो इमारत है, जहां दुनियाभर के टॉप लीडर्स जुटेंगे और बेहद अहम मुद्दों पर मंथन करेंगे. वीडियो के जरिए हम आपको भारत मंडपम का वर्चुअल टूर करा रहे हैं. उन जगहों को देखिए जहां दिग्गजों की अहम बैठकें होंगी और हाई प्रोफाइल डिनर का आयोजन किया जाएगा. पूरे भारत मंडपम के बारे में जानिए.
123 एकड़ में फैला,2700 करोड़ की लागत से बना
भारत मंडपम 123 एकड़ एरिये में फैला है. इस विशाल परिसर का उद्घाटन 26 जुलाई 2023 को हुआ था. करीब 2700 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया ये अत्याधुनिक केंद्र आज भारत की ग्लोबल मेजबानी की नई पहचान बन चुका है. यहां एक साथ हजारों प्रतिनिधियों मेहमानों और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकता है.

भारत मंडपम में ब्रिक्स देशों के नेताओं की अहम बैठक
अब यही भारत मंडपम अगले दो दिनों तक ब्रिक्स देशों के नेताओं और प्रतिनिधियों की अहम बैठक का केंद्र बनने जा रहा हैं. भारत मंडपम की भव्यता सिर्फ इसकी ऊंचाई आकार या फिर चमक-दमक में नहीं है. इसकी सबसे बड़ी खूबसूरती उस सोच में है, जिसने इसे जन्म दिया. मुख्य कन्वेंशन सेंटर की इमारत शंख के आकार से प्रेरित है.वही शंख जिसकी गूंज भारतीय सभ्यता में चेतना ऊर्जा और शुभारंभ का प्रतीक मानी जाती है.

27 फीट ऊंची और 18 टन वजनी भव्य प्रतिमा
भारत मंडपम नाम की प्रेरणा बारहवीं सदी के अनुभव मंडपम से ली गई है, जिसे सार्वजनिक चर्चा और लोकतांत्रिक संवाद के शुरुआती मंचों में से एक माना जाता है. भारत मंडपम परिसर के बाहर स्थापित भगवान नटराज की भव्य प्रतिमा, इसके सबसे बड़े आकर्षणों में से एक है. 27 फीट ऊंची और 18 टन वजनी ये अष्ट धातु प्रतिमा तमिलनाडु के स्वामी मलाई के पारंपरिक कारीगरों ने तैयार की है.
भारत मंडपम के बाहरी और अंदर के डिजाइन में भी भारतीय सभ्यता की झलक साफ तौर पर दिखाई देती है. यहां सूर्य शक्ति यानी सौर ऊर्जा, जीरो टू इसरो की प्रेरक यात्रा और पंच महाभूत यानी प्रकृति के पांच तत्वों को दर्शाने वाले विशेष डिजाइन भी शामिल किए गए हैं.

समिट हॉल में जुटेंगे 150 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि
अब भारत मंडपम के भीतर मौजूद उन महत्वपूर्ण हिस्सों के बारे में जानिए, जहां अगले कुछ दिनों तक दुनिया की निगाहें टिकी रहेंगी और जहां कुटनीति की सबसे अहम गतिविधियां देखने को मिलेंगी. इस समिट हॉल की एक और खासियत यह भी है कि यहां पर 150 से ज्यादा सभी देशों के प्रतिनिधि एक साथ बैठ सकते हैं, यहां पर शिखर सम्मेलन की सबसे महत्वपूर्ण बैठकें होने की संभावना है.
यह हॉल कई अहम द्विपक्षीय और बहुपक्षीय चर्चाओं का केंद्र भी रहने वाला है. इस समिट हॉल और यहां होने वाली गतिविधियों को विस्तार से समझिए. भारत मंडपम देश की राजधानी के सेंटर में मौजूद है.यहां पर ब्रिक्स समिट में कौन कौन से मुद्दों पर मंथन होगा ये भी समझिए.
समिट हॉल में क्या-क्या होगा?
ग्लोबल मुद्दों पर ब्रिक्स का ध्यान केंद्रित होगा. जिनमें खास तौर से रूस-यूक्रेन युद्ध, इजरायल-अमेरिका-ईरान युद्ध, युद्ध का असर, इसके अलावा आतंकवाद, आतंकवाद विरोधी नीतियों पर भी मंथन होगा. ए आई की चुनौतियों पर भी ग्लोबल लीडर्स, ग्लोबल दिग्गज अपने-अपने विचार साझा करेंगे और इस मंच पर रखेंगे. वहीं ब्रिक्स में शामिल सभी देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार नीतियां भी तैयार हो सकती हैं. अब भारत मंडपम के हॉल नंबर-1 के बारे में जानिए.
भारत मंडपम का हॉल नंबर-1
हॉल नंबर-1 वही जगह है, जहां शुक्रवार को भारत इनोवेटस कार्यक्रम आयोजित हुआ. यहां देशभर से आई नई-नई तकनीकों को प्रदर्शित किया गया. ड्रोन तकनीक से लेकर एडवांस और उभरती हुई टेक्नोलॉजी तक इसी हॉल नंबर वन में भारत की इनोवेशन पावर की झलक को दुनिया ने देखा. इसी हॉल में ब्रिक्स के स्पेशल प्रोग्राम भी होंगे जो ब्रिक्स की दो दशक की यात्रा और उसके भविष्य की दिशा पर केंद्रित रहेंगे.

भारत मंडपम का हॉल नंबर-14
ब्रिक्स बिजनेस फोरम की बैठक यहीं पर होगी, जो सम्मेलन की सबसे अहम बिजनेस प्रोग्रामों में से एक है. ब्रिक्स देशों के शीर्ष उद्योगपती, इन्वेस्टर्स और कॉरपोरेट जगत के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ये मंच व्यापार और आर्थिक सहयोग पर चर्चा का केंद्र बनेगा. यहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन भी बिजनेस समुदाय को संबोधित करेंगे.
बिजनेस फोरम के इस आयोजन में फिक्की भी एक पार्टनर है, जो इस इवेंट को आयोजित कर रहा है. इसलिए हॉल नंबर-14 का पूरा एरिया हाई प्रोफाइल मेहमानों और तमाम उद्योगपतियों की रणनीति के केंद्र में है.

भारत मंडपम का हॉल नंबर-5
इसी हॉल में इंटरनेशनल मीडिया सेंटर स्थापित किया गया है. 1200 से 1400 के करीब दुनियाभर के पत्रकार इसी इंटरनेशनल मीडिया सेंटर में आने वाले हैं. एनडीटीवी भी इसी हॉल नंबर-5 से आपके लिए स्पेशली स्टूडियो से ब्रिक्स समिट की सारी अहम खबरें लेकर आएगा और हर खबर को आप तक पहुंचाएगा. एनडीटीवी के प्लेटफॉर्म से आपको ग्लोबल लीडर्स के इंटरव्यू भी देखने को मिलेंगे.
दुनियाभर से आए पत्रकारों का जुटान
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से जुड़ी हर बड़ी खबर महत्वपूर्ण घोषणा और विशेष गतिविधि की जानकारी और महत्वपूर्ण तस्वीरें भी दुनिया तक यहीं से पहुंचाई जाएंगी. दुनियाभर से आए पत्रकार, टीवी नेटवर्क और मीडिया संस्थान इसी केंद्र से सम्मेलन की कवरेज करेंगे.यानी भारत मंडपम के अलग-अलग हॉल्स अगले कुछ दिनों में नवाचार व्यापार और वैश्विक संवाद के प्रमुख केंद्र बनने जा रहे हैं.
ये Video भी देखें:|PM Modi-Xi Jinping मुलाकात पर नजर...BRICS समिट में आज क्या खास होगा?| Syed Suhail| TOP NEWS
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं