मणिपुर के इम्फाल-उखरुल मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को हुए हमले में 4 लोगों की मौत हो गई. वहीं, 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना न्यू हेवन के पास हुई. पीड़ित दो गाड़ियों - मारुति स्विफ्ट और बोलेरो - में इम्फाल की ओर जा रहे थे. तभी घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई.
मृतकों की पहचान शांगशाक गांव के सगे भाई-बहन कापांगखुई आरएस और हाओलेला आरएस, तथा ताशार गांव के अगस्त नगालुंग के रूप में हुई है. इस घटना में एक मां-बेटे और भाई-बहन की जोड़ी शामिल थी, जिससे इलाके में मातम और तनाव का माहौल है. घटना के बाद राजनीति तेज हो गई है.
कांग्रेस विधायक दल के नेता के. मेघाचंद्र ने घटना पर दुख जताते हुए केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार की खोखली संवेदनाएं बेगुनाह लोगों की जान की भरपाई नहीं कर सकतीं. उन्होंने सुरक्षा में चूक के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया.मेघाचंद्र ने मणिपुर में साढ़े तीन साल से चल रही हिंसा पर केंद्र की चुप्पी पर भी सवाल उठाए.
उन्होंने नागा समुदाय सहित अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर चिंता जताई और ताफौ कुकी गांव, सेनापति और अब इम्फाल-उखरुल रोड पर हुई हत्याओं का जिक्र किया. उन्होंने सरकार से इस्तीफे की मांग की और कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो मणिपुर में स्थायी शांति बहाल करना पहली प्राथमिकता होगी.
इस घटना से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को मणिपुर के कांगपोकपी जिले में संदिग्ध उग्रवादियों के बीच गोलीबारी में एक कुकी महिला की गोली लगने से मौत हो गई थी और दो पुरुष घायल हो गये थे.
मई 2023 में घाटी में रहने वाले मेइती और पर्वतीय इलाकों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच भड़के जातीय संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 49 लोग लापता हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं. इस साल फरवरी से अब तक पर्वतीय जिलों में कुकी और नगा समुदायों के बीच हुई झड़पों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है.
ये भी पढ़ें : असम में बेटे की हैवानियत: पिता और दो भाइयों की हत्या, हमले में मां हुईं घायल, आरोपी गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं