सोनिया गांधी पर लेख में संघ की डिक्‍शनरी से शब्‍द इस्‍तेमाल किए गए : कांग्रेस नेता

सोनिया गांधी पर लेख में संघ की डिक्‍शनरी से शब्‍द इस्‍तेमाल किए गए : कांग्रेस नेता

कांग्रेस दर्शन के दिसंबर अंक में यह सब लिखा गया...

नई दिल्ली:

कांग्रेस के मुखपत्र में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर निशाना साधने वाले लेखों के कारण पार्टी की मुंबई इकाई के अध्यक्ष संजय निरूपम चौतरफा आलोचना से घिर गए हैं। उनकी ही पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि ‘आरएसएस के शब्दकोष’ के शब्दों का इस्तेमाल इन लेखों में किया गया।

संजय निरूपम पर साधा निशाना
जरनल संपादक निरूपम पर कांग्रेस के लिए 131वें स्थापना दिवस के मौके पर ‘बदनामी’ लाने का आरोप लगाते हुए महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री नसीम खान ने उनको पद से हटाने की मांग की। शिवसेना और भाजपा ने भी निरूपम पर कटाक्ष किया और कांग्रेस पर निशाना साधा।

आरएसएस के शब्दकोष से लिए गए
खान ने कहा, लेखों में जिस तरह की शब्दावली का इस्तेमाल किया गया वह 'आरएसएस के शब्दकोष' से लिए गए हैं। मैं मांग करता हूं कि पार्टी के वरिष्ठ नेता इस मुद्दे को बहुत गंभीरता से लें और निरूपम को पद से मुक्त करके मामले की विस्तृत जांच कराएं।

संपादकीय प्रभारी को किया बर्खास्त
कांग्रेस के लिए उस वक्त शर्मिंदगी और असहज स्थिति पैदा हो गई जब उसी के मुखपत्र ने जवाहरलाल नेहरू की चीन नीति पर सवाल खड़े किए और सोनिया गांधी के पिता को ‘‘फासीवादी सैनिक’’ करार दिया। इस मामले को लेकर पार्टी की मुंबई इकाई के अध्यक्ष संजय निरूपम ने माफी मांगी और संपादकीय प्रभारी को बर्खास्त कर दिया गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पार्टी की मुंबई इकाई के मुखपत्र ‘कांग्रेस दर्शन’ में छपे दो लेखों में से एक में ‘‘कश्मीर, चीन और तिब्बत संबंधी मसलों’’ के लिए नेहरू को जिम्मेदार ठहराया गया है तो दूसरे लेख में पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी के माता-पिता को लेकर विवादास्पद टिप्पणियां की गई हैं।