विज्ञापन
This Article is From Dec 07, 2019

उन्नाव कांड: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई रेप पीड़िता की मौत की वजह

उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की मौत गंभीर रूप से जलने की वजह से हुई. यह जानकारी सफदरजंग के वरिष्ठ चिकित्सक ने शनिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हवाले से दी.

उन्नाव कांड: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई रेप पीड़िता की मौत की वजह
उन्नाव रेप केस
  • पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई रेप पीड़िता की मौत की वजह
  • उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात पीड़िता ने दम तोड़ दिया था
  • पीड़िता की मौत गंभीर रूप से जलने की वजह से हुई- वरिष्ठ चिकित्सक
यूपी:

उन्नाव दुष्कर्म (Unnao Case) पीड़िता की मौत गंभीर रूप से जलने की वजह से हुई. यह जानकारी सफदरजंग के वरिष्ठ चिकित्सक ने शनिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हवाले से दी. 23 वर्षीय पीड़िता को गुरुवार तड़के बलात्कार के दो आरोपियों सहित पांच लोगों ने जला दिया था. करीब 90 प्रतिशत तक झुलस चुकी युवती को एयर एम्बुलेंस के जरिए दिल्ली लाया गया था और यहां सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात उसने दम तोड़ दिया था. डॉक्टर ने कहा, ‘‘पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता की मौत गंभीर रूप से जलने की वजह से हुई.'' 

उन्नाव रेप पीड़िता के गांव का दौरा करने पहुंचे योगी सरकार के 2 मंत्री, नाराज जनता ने किया प्रदर्शन, पुलिसकर्मियों ने किया बीच-बचाव

डॉक्टर ने कहा, ‘‘आज सुबह पीड़िता का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके मुताबिक उसके शरीर पर किसी संक्रमण, जहर देने या गला घोंटने के कोई संकेत नहीं मिले हैं.'' सफदरजंग अस्पताल के बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. शलब कुमार ने शुक्रवार को कहा था, ‘‘हमारी तमाम कोशिशों के बावजूद पीड़िता जिंदा नहीं बची. उसकी हालत शाम को खराब होने लगी और रात 11 बजकर 10 मिनट पर दिल का दौरा पड़ा. हमने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन रात 11 बजकर 40 मिनट पर उसकी मौत हो गई.'' 

एम्बुलेंस के जरिये पीड़िता का शव उत्तरप्रदेश के उन्नाव जिले स्थित उसके गांव ले जाया गया. उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के भाई ने शनिवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘उसकी बहन को तभी न्याय मिलेगा जब सभी आरोपियों को वहीं भेजा जाएगा 'जहां वह चली गई'.'' उन्होंने कहा, ‘‘ उसने मुझसे कहा भाई मुझे बचा लो. मैं दुखी हूं, मैं उसे बचा नहीं सका.'' 

उन्नाव रेप मामले में बीजेपी का बयान, कहा- योगी सरकार पीड़िता के हत्यारों को कड़ी सजा‌ दिलाकर ही दम लेगी

पीड़िता के भाई ने कहा, ‘‘आरोपियों को या तो मुठभेड़ में मार गिराया जाना चाहिए या फांसी देनी चाहिए. उन्हें जिंदा रहने का अधिकार नहीं है. हम यहां से उन्नाव जाएंगे. आरोपियों ने उसे जला तो पहले ही दिया और अब हम उसे दफन करेंगे.'' उन्नाव पीड़िता की मौत उस दिन हुई जिस दिन हैदराबाद पशु चिकित्सक के साथ दुष्कर्म के चार आरोपियों को तेलंगाना पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया. उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता को आग के हवाले तब किया गया जब वह अदालत में मामले की सुनवाई के लिए रायबरेली जा रही थी.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
लेखक के बारे में
img
भाषा
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Unnao Case, Post Mortem, Unnao Rape
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com