सहेलियों की साजिश की शिकार हुई नाबालिग लड़की, सेक्स रैकेट में धकेला

सहेलियों की साजिश की शिकार हुई नाबालिग लड़की, सेक्स रैकेट में धकेला

प्रतीकात्मक फोटो

मुंबई:

मुंबई पुलिस ने दो युवतियों को अपनी सहेली को सेक्स रैकेट में धकेलने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इवेंट मैनेजमेंट कंपनी चलाने का दावा करने वाली दोनों युवतियों पर आरोप है कि वे इवेंट के जरिए लड़कियों से संपर्क बनाकर उन्हें धोखे से सेक्स रैकेट में धकेल देती थीं। पीड़ित के मना करने पर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी भी देती थीं। दोनों आरोपी युवतियां मीरा रोड की रहने वाली हैं।

इवेंट मैनेजमेंट के बहाने फंसाया
गोरेगांव पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक बांद्रा के एक कॉलेज में पढ़ने वाली लड़की पढ़ाई के साथ इवेंट मैनेजमेंट का काम भी करती थी। दोनों ही आरोपी युवतियों से उसका संपर्क ऐसे ही एक इवेंट के दौरान हुआ। फिर वो व्हाट्सएप पर एक-दूसरे से चैट करने लगीं। मुलाकात के कुछ दिनों बाद दोनों युवतियों ने उस नाबालिग लड़की को अपने मायाजाल में फंसाना शुरू किया। उसे मॉडलिंग करने की सलाह दी और काम दिलाने के बहाने अहमदाबाद ले गईं। वहां उसे होटल में ठहराया और स्क्रीन टेस्ट के नाम पर तीन युवकों से मिलाया। वहां तीनों ने उसे धोखे से बेहोशी की दवा पिलाकर उसके साथ बारी - बारी से बलात्कार किया। होश में आने पर जब पीड़ित लड़की ने पुलिस में शिकायत करनी चाही तो दोनों सहेलियों ने उसे धमकाया कि उन्होंने उसके साथ बलात्कार का वीडियो बना लिया है और वे उसे सोशल साइट पर अपलोड कर देंगी। लड़की बदनामी के डर से चुप रही।

अहमदाबाद, सूरत और मुंबई में कई लोगों ने किया बलात्कार
इसके बाद दोनों युवतियां उसे सूरत ले गईं और वहां भी उसे दो लोगों से शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। मुंबई आने के कुछ दिनों बाद दोनों ही आरोपी लड़कियों ने फिर से पीड़ित लड़की को मीरा रोड बुलाया और वही कारनामा दोहराया। आखिरकार परेशान होकर पीड़ित लड़की ने अपने परिवार वालों को सारी बात बताई। इसके बाद मामला पुलिस थाने पहुंचा। जांच में आरोप सही पाए जाने पर गोरेगांव पुलिस ने दोनों आरोपी युवतियों और एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। अहमदाबाद और सूरत में लड़की से बलात्कार करने वाले लोगों की तलाश जारी है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पुलिस जुटी जांच में
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त फत्तेसिंह पाटिल ने बताया कि पुलिस की एक टीम गुजरात के सूरत और अहमदाबाद भी भेजी जाएगी ताकि वहां होटल के रिकार्ड और सीसीटीवी फुटेज जैसे महवपूर्ण सबूत इकट्ठे किए जा सकें।