यह ख़बर 06 फ़रवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

संसद की कार्यवाही नहीं चल पाने की जवाबदेही सोनिया और राहुल की : भाजपा

नई दिल्ली:

भाजपा ने गुरुवार को कहा कि संसद की कार्यवाही बाधित होने और तेलंगाना विधेयक नहीं रखे जाने के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी जवाबदेह हैं। इन दोनों को देश को बताना होगा कि लंबे समय से दोनों सदनों को ठप करने वाले आंध्र प्रदेश के कांग्रेस सदस्यों के खिलाफ वे कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं।

पार्टी के प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा, 'कल से शुरू हुए संसद सत्र के नहीं चल पाने के लिए पूरी जिम्मेदारी कांग्रेस पार्टी की है। इसके लिए कांग्रेस अन्य दलों को दोष नहीं दे सकती है। तेलंगाना राज्य के समर्थक और विरोधी दोनों पक्ष के आंध्र प्रदेश के कांग्रेस के सदस्य ही दोनों सदनों की कार्यवाही नहीं चलने दे रहे हैं।'

उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस पार्टी अपने इन सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं करती। उसे चाहिए कि सदन में व्यवस्था बनाने के लिए वह या तो इन सदस्यों को सदन से बाहर करने के लिए प्रस्ताव लाए या फिर उन्हें पार्टी से निलंबित करे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

जावडेकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का नेतृत्व तेलंगाना मामले में खतरनाक 'दोहरा खेल' खेल रहा है। 'लेकिन जनता कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी से जवाब मांगेगी कि वह आंध्र प्रदेश के तेलंगाना के विरोधी और समर्थक सदस्यों को नियंत्रित क्यों नहीं कर रही है। और अगर वे नियंत्रित नहीं हो रहे हैं तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है?'

उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में साम्प्रदायिक हिंसा निवारण विधेयक आगे नहीं बढ़ा पाने से कांग्रेस नेतृत्व 'खफा' है और सदन चलाने में अब उसकी इच्छा नहीं है। उनके अनुसार दूसरा कारण अगस्ता-वेस्टलैंड रिश्वतकांड का मामला भी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेतृत्व संसद में इन सवालों से बचना चाहता है कि रिश्वत पाने वाला 'परिवार' या 'एपी' कौन है।