विज्ञापन
This Article is From Jul 27, 2015

जानिए पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम की पांच चर्चित किताबों के बारे में...

जानिए पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम की पांच चर्चित किताबों के बारे में...
पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अवुल पाकिर जैनुल्लाब्दीन अब्दुल कलाम (एपीजे अब्‍दुल कलाम) भले ही अब हमारे साथ ना हों, परंतु उनकी साहित्यक रचना हमेशा हमारे बीच होगी। जब कभी भी साहित्य की बात की जाएगी, तब-तब अब्दुल कलाम का नाम सामने आएगा। उन्होंने अपनी जिंदगी में कई सारी किताबें लिखीं और उनकी लगभग सभी किताबें काफी चर्चित रहीं। आइए जानते हैं उनकी पांच चर्चित किताबों के बारे में...

अग्नी की उड़ान
डॉ. कलाम ने इस पुस्तक में अपने जीवन के संघर्ष व भारत के सबसे सम्मानित व्यक्तित्व बनने के पीछे के रहस्य और देश को मजबूत बनाने और आगे ले जाने में लगे अनेक विभूतियों का उल्लेख किया है।

भारत भाग्य विधाता
इस पुस्तक के जरिए कलाम ने भ्रष्टाचार, शासन और जवाबदेही के मुद्दों के व्यवहारिक और चरणबद्ध समाधान भी प्रस्तुत किए। आशावादी, प्रगतिशील और सकारात्मक सोच के साथ उन्होंने ऐसे भारत का स्वप्न देखा है, जो हर नागरिक के समग्र विकास से ही हासिल हो सकता है। इसमें विकास की समयबद्ध कार्ययोजना बताई गई है, जिसे हर नागरिक को आत्मसात् करना चाहिए। इससे वह अपने मताधिकार का इस्तेमाल सोच-समझ एवं विश्लेषणात्मक ढंग से करके भारत में वास्तविक परिवर्तन ला सकता है।

छुआ आसमान
'छुआ आसमान' अब्दुल कलाम की आत्मकथा उनके अद्भुत जीवन का वर्णन करती है। तमिलनाडु स्थित एक छोटे से तीर्थ-गांव रामेश्वरम में नौका-मालिकों के अल्प-शिक्षित परिवार में जन्मा एक बालक, जिसने भारत के प्रमुख अंतरिक्ष अनुसंधान और मिसाइल विकास कार्यक्रम की नींव रखी, और जो हमारे समय के अत्यंत महत्वपूर्ण वैज्ञानिक-नेता के रूप में उभरा। 'छुआ आसमान' साहस और विश्वास की एक सशक्त कहानी है, और इससे भी ज़्यादा यह स्वतंत्र भारत की विज्ञान और तकनीकी आत्मनिर्भरता की खोज की गाथा है।

महाशक्ति भारत
'महाशक्ति भारत' अब्दुल कलाम' की चर्चित पुस्तक है। इस पुस्तक में अनेक महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भारत की वर्तमान स्थिति का आकलन करते हुए नए लक्ष्य निर्धारित करके उसे प्राप्त करने के उपायों का विश्लेषण किया गया है। साथ ही देश के समग्र विकास में व्यक्तित्व और संस्थागत स्तर पर देशवासियों द्वारा निभाई जा सकने वाली भूमिका को पुस्तक में रेखांकित किया गया है।

भारत की आवाज
'भारत की आवाज' अब्दुल कलाम की चर्चित पुस्तकों में से एक है, जिसमें बेहद दिलचस्प, प्रासंगिक और कुछ अप्रासंगिक लेकिन रोचक प्रश्नों का संकलन है। ये प्रश्न भारत के युवाओं के सपनों, सरोकारों और महत्त्वाकांक्षाओं की झलक पेश करते हैं, और डॉ. कलाम के उत्तर सशक्त, संगठित और समृद्ध भारत के निर्माण की राह दिखाते हैं। यह पुस्तक विकसित भारत के निर्माण की राह दिखाती है।

(तथ्‍य bharatdiscovery.org/india से उद्धृत)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Previous Article
स्वच्छता से ही भारत स्वस्थ और विकसित बनेगा : MP में सफाई मित्रों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित
जानिए पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम की पांच चर्चित किताबों के बारे में...
''दिल्ली ने कश्मीर पर कभी भरोसा नहीं किया'' : NDTV से खास इंटरव्यू में बोले फारूक अब्दुल्ला
Next Article
''दिल्ली ने कश्मीर पर कभी भरोसा नहीं किया'' : NDTV से खास इंटरव्यू में बोले फारूक अब्दुल्ला
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com