विज्ञापन
This Article is From Jul 26, 2014

राजनाथ सिंह ने अखिलेश यादव से बातचीत की, शांति सुनिश्चित करने को कहा

राजनाथ सिंह ने अखिलेश यादव से बातचीत की, शांति सुनिश्चित करने को कहा
फाइल फोटो
नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में हुई हिंसा के मद्देनजर केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से साम्प्रदायिक सौहार्द सुनिश्चित करने को कहा और स्थिति नियंत्रित करने के लिए हर संभव मदद की पेशकश की।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राजनाथ सिंह ने यादव को फोन कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहर में दो सम्प्रदायों के बीच हुई हिंसक झड़पों पर चिंता जताई और मुख्यमंत्री से कहा कि वह प्रदेश, विशेष रूप से सहारनपुर में शांति स्थापित करने के लिए हर संभव कदम उठाएं।

उत्तर प्रदेश की स्थिति पर व्यक्तिगत रूप से नजर रख रहे गृहमंत्री ने अखिलेश यादव से यह भी कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए केन्द्र सरकार अर्द्धसैनिक बलों सहित राज्य को सभी सहायता मुहैया कराएगी।

पश्चिमी उत्तरप्रदेश के सहारनपुर जिले में भूमि विवाद को लेकर दोनों सम्प्रदायों के बीच हुई हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत हो गई और कम से कम 12 लोग घायल हो गए। झड़प के दौरान भीड़ ने पथराव किया और आगजनी की। इसे देखते हुए प्रशासन को क्षेत्र में कर्फ्यू लगाना पड़ा।

जिले में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और क्षेत्र में पुलिस, पीएसी और त्वरित कार्रवाई बल के कर्मियों को तैनात किया गया है। अर्द्धसैनिक बलों को भी सहायता के लिए बुलाया गया है।

सहारनपुर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से करीब 170 किलोमीटर जबकि प्रदेश की राजधानी लखनऊ से 560 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
राजनाथ सिंह, सहारनपुर में हिंसा, यूपी सरकार, अखिलेश यादव, Rajnath Singh, Violence In Saharanpur, UP Government, Akhilesh Yadav