अमेरिका की करीब एक सप्ताह की यात्रा के बाद स्वदेश लौटे पीएम मोदी.
नई दिल्ली:
(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
- प्रधानमंत्री ने कहा, ‘2014 में प्रधानमंत्री का पदभार संभालने के बाद मैं संयुक्त राष्ट्र गया था. मैं अब भी संयुक्त राष्ट्र गया. इन पांच सालों में मैंने बहुत बड़ा बदलाव देखा. भारत के प्रति सम्मान, भारत के प्रति उत्सुकता काफी बढ़ी है. इसका मुख्य कारण 130 करोड़ भारतीय हैं जिन्होंने एक मजबूत सरकार को चुना है.'
- दिल्ली से भाजपा के छह सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा शहर में प्रदेश इकाई द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मौजूद थे. प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रमुख और राज्यसभा सांसद विजय गोयल भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए.
- पीएम मोदी ने इसे “यादगार स्वागत” करार दिया. प्रधानमंत्री ने हवाईअड्डे के बाहर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की. उन्होंने दिल्ली पुलिस की तरफ से किए गए सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच रोडशो भी किया.
- पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के लांच पैड पर हुए सर्जिकल स्ट्राइक को याद किया और कहा कि तीन साल पहले इस दिन वह सारी रात नहीं सोए और फोन की घंटी के बजने का इंतजार करते रहे.
- उन्होंने कहा, ‘वह दिन भारत के बहादुर सैनिकों की जीत का प्रतीक था जिन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक की और भारत का सिर ऊंचा किया.'
- प्रधानमंत्री शनिवार रात को अमेरिका की यात्रा से दिल्ली लौटे. अमेरिका में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा तथा ‘हाउडी मोदी' समेत कई कार्यक्रमों को संबोधित किया.
- भाजपा ने पालम टेक्निकल एरिया के बाहर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया. वहां बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जुटे.
- दिल्ली रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने असाधारण स्वागत, आतिथ्य के लिए अमेरिका के लोगों को धन्यवाद दिया और विश्वास व्यक्त किया कि अमेरिका में अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने जिन विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया, उससे भारत और इसकी विकास यात्रा को काफी लाभ मिलेगा.
- पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि प्रदेश भाजपा ने जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं को एकत्रित किया था. कार्यकर्ताओं को हवाईअड्डे तक पहुंचाने के लिए बसों का प्रयोग किया गया.
- पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'प्रधानमंत्री का काफिला आसानी से गुजरे, इसकी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों का प्रयोग किया गया.'
(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
PM Narendra Modi, Surgical Strikes