विज्ञापन
This Article is From Apr 20, 2021

भारत-EU शिखर सम्मेलन के लिए पुर्तगाल यात्रा रद्द कर सकते हैं PM नरेंद्र मोदी, फ्रांस भी नहीं जाएंगे : सूत्र

पुर्तगाली प्रेसिडेंसी ऑफ द काउंसिल ऑफ द यूरोपियन यूनियन के एक सूत्र ने पुर्तगाली दैनिक समाचारपत्र 'पब्लिको' को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस शिखर सम्मेलन में वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिये शिरकत कर सकते हैं.

भारत-EU शिखर सम्मेलन के लिए पुर्तगाल यात्रा रद्द कर सकते हैं PM नरेंद्र मोदी, फ्रांस भी नहीं जाएंगे : सूत्र
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मई में निर्धारित अपनी फ्रांस यात्रा भी टाल सकते हैं...

भारत में कोरोनावायरस संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों के बीच अगले माह पुर्तगाल में होने जा रहे 16वें वार्षिक भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन (India-EU Summit) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुर्तगाल जाकर शिरकत करने की संभावना बेहद कम है. सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, वह मई में निर्धारित अपनी फ्रांस यात्रा भी टाल सकते हैं.

भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन पुर्तगाल के दूसरे सबसे बड़े शहर पोर्टो में 8 मई को आयोजित होना निर्धारित है. पुर्तगाली प्रेसिडेंसी ऑफ द काउंसिल ऑफ द यूरोपियन यूनियन के एक सूत्र ने पुर्तगाली दैनिक समाचारपत्र 'पब्लिको' को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस शिखर सम्मेलन में वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिये शिरकत कर सकते हैं.

समाचारपत्र 'पब्लिको' ने सोमवार को एक रिपोर्ट में बताया, "पोर्टो शिखर सम्मेलन, जो अब मुख्यतः साइबरस्पेस में ही करना होगा, पुर्तगाली प्रेसिडेंसी ऑफ द काउंसिल ऑफ द यूरोपियन यूनियन की प्राथमिकताओं में से एक है... ऐसे वक्त में, जब यूरोप विकल्पों की तलाश में चीन की ओर ताक रहा है..."

15वां वार्षिक भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन कोरोनावारस महामारी के बीच पिछले साल जुलाई में वर्चुअली ही आयोजित किया गया था. उसे संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'एक्शन-ओरिएन्टेड' एजेंडा का आह्वान किया था, ताकि भारत तथा 27-देशीय संगठन यूरोपीय संघ के बीच एक निश्चित समयावधि में संबंधों को विस्तार दिया जा सके.

यूरोपीय संघ कुल मिलाकर वर्ष 2018 में भारत का सबसे बड़ा व्यापार साझीदार रहा है. समूह के देशों के साथ 2018-19 में भारत का द्विपक्षीय व्यापार 115.6 अरब अमेरिकी डॉलर का रहा था, जिनमें निर्यात 57.17 अरब अमेरिकी डॉलर और आयात 58.42 अरब अमेरिकी डॉलर रहा था.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगले माह होने वाली फ्रांस यात्रा इस शिखर सम्मेलन के बाद ही तय की गई थी. मौजूदा हालात को देखते हुए फिलहाल उस भी रद्द किया जा सकता है. उन्होंने आखिरी बार फ्रांस का दौरा 2019 में किया था.

ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन कोरोनावायरस संक्रमण की दूसरी लहर के मद्देनज़र 25 अप्रैल को होने वाली अपनी भारत यात्रा को रद्द कर चुके हैं. इसके स्थान पर वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इसी माह के अंत में वर्चुअल बैठक करेंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India-EU Summit 2021, PM Modi France Visit, PM Narendra Modi France Visit, PM Narendra Modi, COVID19, Covid-19, Coronavirus
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com