यह ख़बर 11 जून, 2012 को प्रकाशित हुई थी

नित्यानंद के आश्रम में ताला लगाने का आदेश

खास बातें

  • कर्नाटक सरकार ने विवादास्पद धार्मिक गुरु नित्यानंद स्वामी पर लगे यौन शोषण के ताजा आरोपों को देखते हुए उनके बेंगलुरू स्थित आश्रम में ताला लगाने का आदेश दिया है।
बेंगलुरू:

कर्नाटक सरकार ने विवादास्पद धार्मिक गुरु नित्यानंद स्वामी पर लगे यौन शोषण के ताजा आरोपों को देखते हुए उनके बेंगलुरू स्थित आश्रम में ताला लगाने का आदेश दिया है।

मुख्यमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा ने सोमवार को पत्रकारों से कहा, "मैंने आश्रम में ताला लगाने का आदेश दिया है।" मुख्यमंत्री ने यह कदम आश्रम बंद करने की बढ़ती मांगों के बीच उठाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जरूरी हुआ तो नित्यानंद की जमानत रद्द करने एवं उनकी गिरफ्तारी के लिए भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

हाल ही में कन्नड़ टीवी चैनल पर प्रसारित एक कार्यक्रम में कई महिलाओं ने नित्यानंद के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

इसके बाद कांग्रेस, जनता दल-सेक्युलर सहित कई कन्नड़ संगठन पिछले तीन दिनों से आश्रम को बंद करने एवं नित्यानंद के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।

पहले से ही बलात्कार के आरोपों का सामना कर रहे नित्यानंद जून 2010 से जमानत पर चल रहे हैं। एक तमिल टीवी चैनल पर प्रसारित वीडियो में नित्यानंद एवं एक अभिनेत्री को आपत्तिजनक अवस्था में दिखाए जाने के बाद वह 2010 में मार्च-अप्रैल के दौरान गायब हो गए थे। कर्नाटक पुलिस ने उन्हें हिमाचल प्रदेश के सोलन से गिरफ्तार किया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

फिलहाल पिछले शुक्रवार से नित्यानंद के विषय में कोई जानकारी नहीं है। वह बेंगलुरू से 35 किमी दूर इस बिदाडी आश्रम में भी नहीं है।