विज्ञापन
This Article is From May 29, 2015

भीषण गर्मी और लू से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मरने वालों की संख्या 1700 के पार

भीषण गर्मी और लू से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मरने वालों की संख्या 1700 के पार
नई दिल्‍ली: देश के कई हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या गुरुवार को 1826 हो गयी जिनमें से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बुधवार से अब तक 414 लोगों की मृत्यु हुई है। आंध्र प्रदेश में लू से मरने वालों की कुल संख्या 1334 है जबकि तेलंगाना में 440 लोग लू की चपेट में आकर मारे जा चुके हैं।

बुधवार को आंध्र प्रदेश में यह संख्या 1020 और तेलंगाना में 340 थी। इसके अलावा ओडिशा से 43, गुजरात से सात और दिल्ली में दो लोगों के लू से मरने की खबर है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिन लू चलना जारी रहेगा। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में भी लू का प्रकोप जारी है।

हिमाचल प्रदेश के निचले इलाकों में भी गर्मी का स्तर बढ़ गया है और उना में तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। तेलंगाना में बुधवार से अब तक 100 लोगों की मौत हो चुकी है।

हैदराबाद में तेलंगाना आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘गुरुवार शाम सात बजे तक मिली सूचना के अनुसार मरने वालों की संख्या 440 हो चुकी है।’ बुधवार को यह संख्या 340 थी।

तेलंगाना में 15 अप्रैल से अब तक नलगोंडा जिले में 126 लोग मारे गए हैं। इसके अलावा खम्मम में 82, करीमनगर में 95 और महबूबनगर में 37 लोगों की मृत्यु हो गई है। आंध्र प्रदेश आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने बताया, ‘रात साढ़े आठ बजे तक मिली सूचना के अनुसार राज्य में मरने वालों की कुल संख्या 1334 हो गई है।’

आंध्र प्रदेश में प्रकाशम जिले में सबसे ज्यादा 305 लोग लू की वजह से मारे गए हैं। इसके अलावा गुंटूर जिले में 197, पूर्वी गोदावरी में 158, विशाखापत्तनम (विजाग) में 157, विजयनगरम में 128, कृष्णा जिले में 66, चित्तूर में 56, कडप्पा में 34, कुर्नूल और अनंतपुर में 28-28 और नेल्लोर में 102 लोग मारे गए हैं।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को आसमान साफ रहने की उम्मीद जताई है। हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में भी तापमान 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है और दोनों राज्य में गर्म हवाओं का प्रकोप जारी है। हरियाणा में हिसार सबसे गर्म रहा जहां पर तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश के भी कई क्षेत्रों में तापमान में बढ़ोत्तरी देखी गई और लू का प्रभाव बना रहा। राज्य में इलाहाबाद सबसे गर्म रहा जहां तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
गर्मी का प्रकोप, लू का कहर, लू, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गर्मी, Heat Wave Deaths, Heat Wave, Andhra Pradesh, Heat Wave Telangana
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com