यह ख़बर 29 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

दिल्ली ने कभी झारखंड की आवाज नहीं सुनी : नरेंद्र मोदी

रांची:

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित रैली में कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर होने के बावजूद झारखंड गरीब राज्य बना हुआ है। दिल्ली की सरकार ने कभी भी झारखंड की आवाज नहीं सुनी। अलग झारखंड बनाने की मांग को कांग्रेस सरकार ने कभी तवज्जो नहीं दी, लेकिन अटल बिहारी वाजपेयी की एनडीए सरकार ने झारखंड के लोगों की आकांक्षा को समझते हुए पृथक झारखंड राज्य का निर्माण कराया।

उन्होंने कहा कि झारखंड के साथ ही अस्तित्व में आए छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार ने राज्य को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। मोदी ने कहा, दिल्ली की सरकार महंगाई, भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों की अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है। पूर्व युगों की तरह केंद्र सरकार आकाशवाणी में भरोसा करती है। केंद्र सरकार महंगाई और भ्रष्टाचार पर आकाशवाणी करती है, लेकिन उसके पास इससे निपटने की कोई योजना नहीं है।

उन्होंने कहा, केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी से भागती है और महंगाई से निपटने का बोझ मुख्यमंत्रियों के ऊपर डालती है। करीब ढाई साल पहले मैंने महंगाई के मुद्दे पर एक रिपोर्ट पेश की थी। महंगाई को रोकने के लिए उसमें 20 बिंदु थे, लेकिन केंद्र सरकार ने मेरी रिपोर्ट पर कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश पर बोझ बन गई है और लोगों से कट गई है। मोदी ने कहा कि लोगों को एक ऐसी सरकार की जरूरत है, जो देश की समस्याओं का हल हासिल करे और केवल आकाशवाणी में भरोसा नहीं करे। उन्होंने झारखंड के लोगों से वोट की अपील करते हुए कहा कि साल 2014 के लोकसभा चुनावों में लोग भाजपा को राज्य की सभी 14 सीटों पर जीत दिलाएं।

मोदी झारखंड की राजधानी रांची में पहली बार रैली करने आए और उन्हें सुनने के लिए यहां भारी भीड़ उमड़ी। मोदी की रैली के लिए मैदान में बनाए गए मंच को संसद भवन का रूप दिया गया। मुख्य मंच पर संसद की बड़ी तस्वीर लगाई गई। रैली को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा झारखंड के साथ दोहरा व्यवहार करती रही है और विशेष राज्य के दर्जे के नाम पर झारखंड को झुनझुना पकड़ाती रही है।

पटना धमाकों के बाद रैली की सुरक्षा के लिए काफी सख्त इंतजाम किए गए थे। रैली के आयोजन स्थल धुर्वा में पूरे प्रदेश से लोगों के पहुंचने का तांता लगा रहा और शनिवार रात से ही यहां दूर-दराज के जिलों से हजारों की संख्या में बसों और अन्य वाहनों से लोग पहुंचने लगे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com