यह ख़बर 14 फ़रवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

संवैधानिक रूप से पारित जनलोकपाल को ही समर्थन : अरविंदर सिंह लवली

नई दिल्ली:

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी संवैधानिक रूप से पारित किए जाने पर ही जन लोकपाल विधेयक का पूरी तरह समर्थन करेगी।

लवली ने संवाददाताओं से कहा,  मैंने अरविंद केजरीवाल को साफतौर पर लिखा है कि कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (आप) को इसके 18 एजेंडे के आधार पर समर्थन दिया है, जिसमें जन लोकपाल विधेयक भी शामिल है और हम ऐसा जारी रखेंगे। हमें इसमें कोई संदेह नहीं है।"

लवली ने कहा,  अगर वह इसे राजनीतिक एजेंडे से उलट कानून बनाना चाहते हैं, यह संविधान के अनुसार होगा। तब हम पूरे मन से इसका समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि जन लोकपाल विधेयक  गुरुवार को सदन का एजेंडा नहीं था।

केजरीवाल के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के एक होने के दावे को खारिज करते हुए लवली ने कहा कि सैद्धांतिक मतभेद वाली पार्टी के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा,  अगर ऐसा है, तो केजरीवाल आज मुख्यमंत्री नहीं होते। उनका इस पद पर होना इस बात का साक्षी है कि दोनों पार्टी एक नहीं है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

लवली ने हालांकि, यह भी कहा कि जन लोकपाल विधेयक पर आप का समर्थन करने का मतलब यह नहीं है कि पार्टी कानून मंत्री सोमनाथ भारती के मुद्दे पर विरोध से पीछे हट जाएगी।