विज्ञापन
This Article is From Apr 05, 2019

अहमद पटेल के नाम वाली चार्जशीट मीडिया में लीक की गई : क्रिश्चियन मिशेल ने कोर्ट से कहा

क्रिश्चियन मिशेल ने आरोप लगाया है कि कोर्ट के संज्ञान लेने से पहले और आरोपी को इसकी कॉपी देने से पहले ही चार्जशीट लीक कर दी गई.

अहमद पटेल के नाम वाली चार्जशीट मीडिया में लीक की गई : क्रिश्चियन मिशेल ने कोर्ट से कहा
कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता अहमद पटेल (फाइल फोटो)
  • मामला 3600 करोड़ के हेलीकॉप्‍टर की खरीद से जुड़ा है
  • 3 हजार पन्नों की पूरक चार्जशीट में तीन नए नाम भी
  • 2007 में मनमोहन सिंह सरकार ने यह डील हुई थी
नई दिल्‍ली:

प्रवर्तन निदेशालय ने अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकॉप्टर घोटाला मामले में एक सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर की है जिसमें उसने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल का नाम लिया है. साथ ही चार्जशीट में किसी 'मिसेज गांधी' का भी नाम है. चार्जशीट गुरुवार को दिल्‍ली की एक अदालत में फाइल की गई. अहमद पटेल ने इस चार्जशीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 'ये आधारहीन, हास्यप्रद और चुनावी हथकंडा है. मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है.'

दूसरी ओर क्रिश्चियन मिशेल ने आरोप लगाया है कि कोर्ट के संज्ञान लेने से पहले और आरोपी को इसकी कॉपी देने से पहले ही चार्जशीट लीक कर दी गई. दिल्‍ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय को नोटिस जारी कर पूछा है कि आखिर चार्जशीट मीडिया तक कैसे पहुंच गई. जांच एजेंसी इसपर शनिवार को जवाब दाखिल करेगी.

मामला 3600 करोड़ रुपये के 12 लग्‍जरी हेलीकॉप्‍टर की खरीद के कॉन्‍ट्रैक्‍ट से जुड़ा है जिनका इस्‍तेमाल टॉप के भारतीय नेताओं जैसे राष्‍ट्रपति, प्रधानमंत्री, पूर्व प्रधानमंत्री और अन्‍य वीआईपी लोगों के लिए किया जाना था. इटली की हेलीकॉप्‍टर निर्माता कंपनी अगस्‍ता वेस्‍टलैंड के साथ 2007 में पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह सरकार ने यह डील की थी.

क्रिश्चियन मिशेल ने कोर्ट से कहा- 'राकेश अस्थाना ने मेरे जीवन को नर्क बनाने की धमकी दी थी'

क्रिश्चियन मिशेल जो कि एक ब्रिटिश नागरिक है, वह उन तीन बिचौलियों में से एक है जिनके खिलाफ सौदे को के लिए फैसला लेने वाले लोगों को प्रभावित करने के लिए रिश्‍वत देने के आरोप हैं. दुबई से प्रत्‍यर्पित कर भारत लाए गए क्रिश्चियन मिशेल ने पूछताछ के दौरान कहा था कि जो डायरी प्रवर्तन निदेशालय के पास है उसमें AP का मतलब अहमद पटेल और Fam का मतलब फैमिली है.

चार्जशीट के अनुसार ये कोडवर्ड वायुसेना अधिकारियों, नौकरशाहों, रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों और सत्ता पक्ष के टॉप के नेताओं को कथित रूप से 30 मिलियन यूरो की रिश्‍वत देने से संबंधित हैं. प्रवर्तन निदेशालय का आरोप है कि एक 'कॉम्‍प्‍लेक्‍स स्‍ट्रक्‍चर' के जरिए पेमेंट का इंतजाम किया गया और हवाला के रास्‍ते नकद भुगतान हुआ.

अगस्ता हेलीकॉप्टर सौदा: 'मिसेज गांधी' का नाम आने पर अमित शाह का हमला, कहा- 'पुराना याराना' है

प्रवर्तन निदेशालय की चार्जशीट में क्रिश्चियन मिशेल द्वारा फरवरी 2008 से लेकर अक्‍टूबर 2009 के बीच भेजे गए संदेशों को सूचीबद्ध किया गया है जिनमें से एक में मिसेज गांधी को हेलीकॉप्‍टर सौदे में ड्राइविंग फोर्स बताया गया है.

चार्जशीट के मुताबिक, एक संदेश में कहा गया है, 1) सप्ताह की शुरुआत में इटैलियन महिला के पुत्र के संबंध में मुलाकात होगी... इन सज्जन ने पुष्टि की है कि पुत्र अगला प्रधानमंत्री होगा, और पार्टी में उसकी ताकत दिन-ब-जिन बढ़ती जा रही है... इसीलिए, वित्तमंत्री इस पुत्र के शानदार उत्थान की वजह से बेहद चिंतित हैं...

चार्जशीट में आरोप लगाया गया है कि क्रिश्चेन मिशेल ने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर दबाव डालने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का इस्तेमाल किया था. जांचकर्ताओं ने 28 अगस्‍त 2009 के एक पत्र का संदर्भ दिया है जो कथित रूप से मिशेल द्वारा किसी गिसेप्‍पे ओरसी को लिखा गया है. ओरसी फिनमैकनिका (अब लियोनार्दो) के पूर्व प्रमुख हैं, जो अगस्‍ता वेस्‍टलैंड की पेरेंट कंपनी है.

52 पन्नों की चार्जशीट और उसके साथ 3 हजार पन्नों की पूरक चार्जशीट में तीन नए नाम भी सामने हैं जिसमें मिशेल का बिजनेस पार्टनर डिवेड सेम और दो कंपनियां हैं.

यह चार्जशीट ऐसे समय दायर हुई है जब कुछ दिनों बाद ही लोकसभा चुनाव शुरू होने वाले हैं और प्रचार चरम पर है. कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि चुनावी मौसम में उसके वरिष्‍ठ नेताओं को निशाना बनाने के लिए यह चार्जशीट दायर की गई है खासकर राफेल विवाद से लोगों का ध्‍यान हटाने के लिए.

VIDEO: अगस्ता हेलीकॉप्टर डील: राहुल-सोनिया पर बीजेपी के हमले

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Christian Michel, Ahmed Patel, AgustaWestland VVIP Chopper Deal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com