यह ख़बर 03 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

जीत के खुमार में सराबोर हुआ सारा देश

खास बातें

  • कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की टीम की श्रीलंका पर रोमांचक छह विकेट से जीत के बाद से पूरा देश अभूतपूर्व जश्न में सराबोर है।
मुंबई / नई दिल्ली:

पूरा भारत टीम इंडिया की क्रिकेट विश्व कप की ऐतिहासिक जीत के खुमार में सराबोर हो गया है और खिलाड़ियों पर पूरे देश से बधाइयों और पुरस्कारों की बरसात जारी है। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की टीम की श्रीलंका पर रोमांचक छह विकेट की जीत के बाद शनिवार रात 10.49 पर पूरा देश अभूतपूर्व जश्न में सराबोर हो गया, जिसने 28 वर्ष के अंतराल के बाद विश्व कप क्रिकेट फिर जीत लिया। इसके बाद मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भावनाओं से भरे उद्गार भी उभरने लगे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी टीम इंडिया की जबर्दस्त जीत के बाद दिल्ली की सड़कों पर निकलीं और सैकड़ों उत्साही प्रशंसकों के साथ जीत के जश्न में शामिल हुईं। व्यस्त आईटीओ चौराहे के पास बहादुरशाह जफर मार्ग पर रात करीब 11 बजे जैसे ही सोनिया गांधी की गाड़ी पहुंची, वहां उपस्थित लोगों ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया और तिरंगा लहराया। सोनिया ने प्रशंसकों से हाथ मिलाया। वहां उपस्थित लोगों ने जोरदार ढंग से सोनिया गांधी के साथ जीत का जश्न मनाया। उन्होंने प्रशंसकों से कहा कि भारतीय टीम ने विश्व कप जीत कर वास्तव में हमें गौरवान्वित किया है। प्रशंसकों ने इंडिया इंडिया.. और वंदे मातरम का जयघोष किया। विशेष सुरक्षा बल की सुरक्षा में आई सोनिया करीब 20 मिनट आईटीओ पर रुकी और उसके बाद दिल्ली गेट की ओर रवाना हो गईं। दिल्ली के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक आईटीओ पर जबर्दस्त जाम लग गया। इस समाचार को सुनने के बाद कई क्षेत्रों से लोग आईटीओ की ओर आ गए जिसके कारण जाम की स्थिति और भी गंभीर हो गई। सोनिया ने टीम को बधाई देते हुए कहा, टीम इंडिया को मेरी हार्दिक बधाई। आपने देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी इस स्वर्णिम जीत को याद रखेगी। भारतीय कप्तान धोनी को भेजे संदेश में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने कहा, सफलता का सफर लम्बा और कठिन रहा। आपकी टीम हर स्तर पर कसौटी पर खरी उतरी। प्रतिभा ने कहा, समर्पण, इस मार्ग पर आगे बढ़ने और नेतृत्व प्रदान करने की इच्छा से अंतत: युवाओं का प्रतिभाशाली समूह तैयार हुआ और वरिष्ठ खिलाड़ियों के अनुभव और टीम के कोच एवं कर्मचारियों के कठिन परिश्रम से भारत विश्व चैम्पियन बना। आप सब सही मायने में एक अरब से अधिक भारतीय लोगों के धन्यवाद के पात्र हैं। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए कहा, मैं भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई देने में देश के साथ हूं। धोनी और टीम इंडिया का प्रयास रंग लाया है। इन्होंने दुनिया को दिखाया है कि भारत क्रिकेट के खेल में सिरमौर है। असम में चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने के बाद दिल्ली लौटने पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शाम छह बजे से टीवी पर क्रिकेट मैच का आनंद लिया। उन्होंने कहा, भारतीय क्रिकेटरों ने जबर्दस्त टीम भावना का प्रदर्शन किया है, उनकी एकाग्रता और दक्षता के कारण विश्व कप में जीत हासिल हुई जिसके वह हकदार थे। सिंह ने कहा, टीम इंडिया ने हमें गौरवान्वित किया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने भारतीय कप्तान धोनी को 2 करोड़, जबकि टीम इंडिया में शामिल दिल्ली के चार खिलाड़ियों को 1-1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। दिल्ली सरकार के अधिकारी ने कहा, मुख्यमंत्री ने 2 करोड़ रुपये का पुरस्कार देकर भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को सम्मानित करने का फैसला किया है। साथ ही यह भी फैसला किया गया है कि 28 बरस बाद विश्व कप जीतने के लिए वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, विराट कोहली और आशीष नेहरा को 1-1 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा ने विजेता टीम के प्रत्येक सदस्य को बेंगलुरु विकास परिषद से रिहायशी प्लॉट देने की घोषणा की। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रमेश पोखरयाल निशंक ने धोनी और तेंदुलकर को मसूरी में एक रिहायशी प्लॉट या घर देने का वादा किया। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में धोनी के नाम पर एक स्टेडियम बनाया जाएगा। गुजरात सरकार ने यूसुफ पठान और मुनाफ पटेल को एकलव्य पुरस्कार देने की घोषणा की, जिसकी पुरस्कार राशि एक लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र है। महान गायिका लता मंगेशकर, अभिनेत्री माधुरी दीक्षित नेने सहित कई बॉलीवुड हस्तियों ने भारतीय टीम को बधाई दी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com