विज्ञापन
This Article is From Jun 13, 2014

जम्मू-कश्मीर में संघर्षविराम उल्लंघन, पाकिस्तान की ओर से अकारण गोलीबारी

जम्मू-कश्मीर में संघर्षविराम उल्लंघन, पाकिस्तान की ओर से अकारण गोलीबारी
जम्मू-कश्मीर में एक भारतीय चौकी पर तैनात सैनिक (फाइल फोटो)
जम्मू:

नियंत्रण रेखा के पास संघर्षविराम उल्लंघन की एक बड़ी घटना में पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ सेक्टर में गोलीबारी की। इसके अलावा मेंढर सेक्टर में भी सुबह अकारण गोलीबारी की गई। भारतीय जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

फायरिंग सुबह करीब सात बजे शुरू हुई और यह अब भी जारी है। खबरों के मुताबिक पाकिस्तानी सैनिकों ने छोटे हथियारों, रॉकेटों और मोर्टारों से गोलीबारी की।

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट करके घटना की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, राजौरी और पुंछ में सीजफायर का बड़ा उल्लंघन हुआ है…कुछ रिहायशी इलातों में बम के गोले गिरे हैं… कुछ जानमाल का नुकसान भी हुआ है।

सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूंछ जिले के मेंढर-भीमबरगली-केरी अग्रिम चौकी इलाके में पाकिस्तानी सैनिकों ने 81 एमएम मोर्टार दागे और गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि गोलीबारी की वजह से एलओसी के इस तरफ किसी के हताहत होने या संपत्ति को कोई नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है।

उन्होंने कहा कि पूरी चौकसी के साथ सीमा की सुरक्षा कर रहे भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी तीन अग्रिम चौकी क्षेत्रों में हुई। अप्रैल के अंत और मध्य मई में एलओसी के करीब संघर्ष विराम उल्लंघन की 19 घटनाएं हुईं। 2013 में संघर्ष विराम उल्लंघन के 149 मामले में भारत-पाक सीमा के करीब अग्रिम चौकियों, गश्ती दलों, नागरिकों पर पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी की घटनाओं में 12 जवान मारे गए और 41 घायल हुए थे।

(इनपुट भाषा से भी)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
युद्धविराम उल्लंघन, संघर्षविराम उल्लंघन, नियंत्रण रेखा, जम्मू-कश्मीर, पाकिस्तान, Ceasefire Violation, LoC, Pakistan Army, Jammu-Kashmir
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com