'गंदी' यमुना अब चमकेगी : आज से नौका रेस चालू, जल्द होगी महाआरती भी

'गंदी' यमुना अब चमकेगी : आज से नौका रेस चालू, जल्द होगी महाआरती भी

यमुना की हालत खराब है...

नई दिल्ली:

दिल्ली में यमुना नदी में शुक्रवार से नौका रेस चैंपियनशिप की शुरुआत होने जा रही है। दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा इसका उदघाटन करेंगे। ऐसा पहली बार हो रहा है जब दिल्ली की यमुना में खेलों का आयोजन किया जा रहा हो। खास बात यह है कि यमुना बस अपनी गंदगी के चलते सुर्खियों में रही है, लेकिन पहली बार यमुना इस तरह के किसी आयोजन के लिए सुर्खियों में आएगी।

यमुना की तस्वीर बदलने की कोशिश
यमुना की साफ-सफाई और उसकी तस्वीर बदलने की अपनी कोशिश में ये दिल्ली सरकार की तरफ से पहला कदम होगा। इसके बाद 13 नवंबर यानी भाई दूज के दिन से यमुना में बनारस और हरिद्वार की तर्ज पर महाआरती की शुरुआत होगी

वजीराबाद में यमुना दिखती है साफ
असल में दिल्ली में यमुना की तस्वीर है। पहली वज़ीराबाद से पहले जो की साफ़ और ठीक-ठाक सी दिखती और दूसरी वज़ीराबाद के बाद जिसको देखकर नदी नहीं किसी नाले का एहसास होता है। यमुना में खेलों का आयोजन वजीराबाद से पहले की यमुना यानी साफ दिखने वाली यमुना और महाआरती का आयोजन नाले का अहसास देने वाली यमुना में होगा।

13 नवंबर से यमुना के कुदसिया घाट पर आरती
दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के मुताबिक़, 13 नवंबर को भैया दूज के दिन यमुना के कुदसिया घाट पर हमलोग आरती करेंगे, जिसमें सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर ये कार्यक्रम किया जा रहा है। प्लान ये है कि अब दिल्ली के लोगों को अब यमुना के तट पर लाना है यमुना को आकर देखें यमुना के दर्द को समझें और संकल्प लेकर जाएं कि इस नदी को साफ़ करना है तो उसी में यमुना में आरती करना एक कार्यक्रम है।

रोजाना हुआ करेगी आरती
कपिल मिश्रा के मुताबिक, ये आरती रोजाना हुआ करेगी, रविवार को बड़ी आरती और बड़े त्योहारों पर महाआरती हुआ करेगी और बिलकुल वैसे ही होगी जैसी हरिद्वार और बनारस में गंगा के घाट पर हुआ करती है।

सैलानियों को आकर्षित करने के लिए अच्छा कदम
पर्यटन के जानकार सुभाष गोयल के मुताबिक़, सैलानियों को आकर्षित करने का यह एक अच्छा कदम है, क्योंकि देश ही नहीं विदेशों से सैलानी खासतौर से हिन्दू धर्म के बारे में जानने के लिए आते हैं, जो घाटों पर होने वाली आरती में विशेष रुचि लेते हैं।

साथ ही अगर नदी के किनारे कोई मैदान बन जाए शाम को घूमने के लिए और कोई एम्यूजमेंट पार्क बन जाए तो जो टूरिस्ट केवल कुछ समय दिल्ली में रुककर आगरा या जयपुर चला जाता है वह फिर दिल्ली में रुकेगा

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सुभाष गोयल ने कहा कि दिल्ली सरकार को चाहिए कि आरती का जो भी रूट हो या जो भी घाट वहां बनाएं वहां सफाई होनी चाहिए। भीख मांगने वाले लोग सैलानियों को परेशान ना करें। बारिश में भी लोगों के बैठने की सुविधा होगी तो आरती सफल होगी।