यह ख़बर 01 अगस्त, 2013 को प्रकाशित हुई थी

जेएनयू छात्रा पर कुल्हाड़ी से हमला : पुलिस को मिला चार पन्ने का नोट

खास बातें

  • जेएनयू में सहपाठी के हमले में घायल हुई छात्रा रोशनी (22) की हालत नाजुक बनी हुई है। रोशनी पर कुल्हाड़ी से हमला करने के बाद इस छात्र ने खुदकुशी कर ली थी।
नई दिल्ली:

दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में सहपाठी के हमले में घायल हुई छात्रा रोशनी (22) की हालत नाजुक बनी हुई है। रोशनी पर कुल्हाड़ी से हमला करने के बाद इस छात्र ने खुदकुशी कर ली थी। यह जानकारी पुलिस ने गुरुवार को दी।

रोशनी सफदरजंग अस्पताल के सघन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती है और उसका उपचार कर रहे चिकित्सकों ने बताया कि उसकी खोपड़ी पर चार जगह गहरी चोट आई है। मस्तिष्क को रक्त पहुंचाने वाली नसें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

एक चिकित्सक ने बताया कि उसके मस्तिष्क में रक्त जम गया है और उसकी दाईं कलाई बुरी तरह टूट गई है।

पुलिस ने बताया कि रोशनी पर हमला करने वाले विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लैंग्वेज में कोरियाई भाषा के छात्र आकाश (23) का परिवार बिहार से दिल्ली पहुंच गया है।

हमले के बाद उसने जहरीला पदार्थ पीकर और गला काट कर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आकाश द्वारा लिखे गए चार पन्ने के हिन्दी और अंग्रेजी के एक नोट को भी बरामद किया गया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अधिकारी ने कहा, हमने आकाश से चार पन्ने का सुसाइड नोट बरामद किया है जिसमें उसने दोनों (रोशनी और आकाश) के बीच हुई वाकये से उनके मित्रों के अवगत रहने का जिक्र किया है। इसलिए हम उनके दोस्तों से पूछेंगे कि किस वजह से आकाश ने यह क्रूर हमला किया। इस घटना से जेएनयू के छात्र और शिक्षक हैरान हैं।