आज के समय में माइग्रेन की समस्या काफी देखी जाती है. इसकी कई वजह हो सकती हैं जैसे अधूरी नींद, खाना समय पर नहीं खाना, स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताया. सुबह से शाम तक ऑफिस के काम में लगे रहना. इस रोजमर्रा के बोझ का असर कई लोगों में बार-बार लौटने वाले सिरदर्द के रूप में दिखता है. इसमें महिलाओं में माइग्रेन के मामले पुरुषों से कहीं ज्यादा मिलते हैं. आचार्य मनीष ने इसक कारण और आयर्वेदिक उपाय बताए हैं. तो चलिए जानते हैं.
माइग्रेन क्या है-
माइग्रेन बार-बार लौटने वाला सिरदर्द है. यह अक्सर सिर के एक तरफ होता है. दर्द धड़कता हुआ लगता है और कुछ घंटों से लेकर तीन दिन तक रह सकता है. माइग्रेन का कारण सिर्फ तेज सिरदर्द नहीं है. यह एक न्यूरोलॉजिकल स्थिति है, जिसमें दर्द के साथ उल्टी, रोशनी से परेशानी और आवाज से चिड़चिड़ाहट भी होती है.

महिलाओं में माइग्रेन ज्यादा होने के 7 कारण-
1. हार्मोन में बदलाव-
यह सबसे बड़ा कारण माना जाता है. एस्ट्रोजन महिलाओं का मुख्य हार्मोन है. माइग्रेन में असली समस्या एस्ट्रोजन के स्तर में उतार-चढ़ाव से जुड़ी है. Exploration of Drug Science में छपी एक समीक्षा के अनुसार, एक मासिक चक्र में एस्ट्रोजन का स्तर 10 से 100 गुना तक बदल सकता है.
2. दिमाग की ज्यादा संवेदनशीलता-
कई शोध बताते हैं कि हार्मोन और दिमाग में दर्द के संकेत भेजने वाले रसायनों के बीच संबंध है. इन्हीं में से एक रसायन CGRP है.
3. तनाव और नींद की कमी-
एक अध्ययन में माइग्रेन के 182 मरीजों में से 87.9 प्रतिशत में कोई न कोई ट्रिगर मिला. इनमें से 70 प्रतिशत को भावनात्मक तनाव और 44.4 प्रतिशत को नींद की कमी से परेशानी हुई.
एक और ग्रामीण अध्ययन में 1,245 मरीजों को देखा गया, जिनमें 75.3 प्रतिशत महिलाएं थीं. इनमें से 43.5 प्रतिशत में एंग्जायटी और 25.7 प्रतिशत में डिप्रेशन मिला.
4. खाना छोड़ना या देर से खाना-
कई महिलाएं सबसे आखिर में खाती हैं. कभी सुबह का नाश्ता छूट जाता है, तो कभी दोपहर का खाना देर से होता है. लंबे समय तक भूखे रहने से शरीर में शुगर का स्तर गिरता है. यह माइग्रेन का आम ट्रिगर है.
5. आयरन की कमी-
NFHS-5 के अनुसार, भारत में 15 से 49 साल की लगभग 57 प्रतिशत महिलाओं में एनीमिया है. कुछ अध्ययनों में आयरन की कमी और माइग्रेन के बीच संबंध मिला है.
6. हार्मोन वाली दवाएं-
कंबाइंड ओरल कॉन्ट्रासेप्टिव यानी एस्ट्रोजन वाली गर्भनिरोधक गोलियां कुछ महिलाओं में दर्द कम करती हैं, तो कुछ में बढ़ा देती हैं.
7. खुद से दर्द की दवा लेना-
NIMHANS के एक अध्ययन में महिलाओं में दवा के ज्यादा इस्तेमाल से होने वाला सिरदर्द पुरुषों से लगभग पांच गुना ज्यादा मिला. शोधकर्ताओं का मानना है कि कई महिलाएं डॉक्टर के पास जाने के बजाय दुकान से दर्द की गोली ले लेती हैं. ऐसा बार-बार करने से सिरदर्द और बढ़ सकता है.
दर्द से राहत पाने के आसान आयुर्वेदिक उपाय-
- देसी घी- रोज आचार्य मनीष के अनुसार सुबह और रात को सोते समय अपने दोनों नाक के छेद यानि नथुनों में शुद्ध गाय के घी की दो-दो बूंदें गुनगुनी करके डालें. यह आपके वात और पित्त दोष को शांत रखने का सबसे सरल तरीका है.
- हर्बल चाय- आचार्य मनीष बताते हैं कि जब भी आपको लगे कि सिर में हल्का दर्द शुरू हो रहा है, तो तुरंत पुदीने की कुछ पत्तियां या अदरक डालकर चाय बनाएं. अदरक और पुदीना नेचुरल पेनकिलर की तरह काम कर सकते हैं.
- चंदन का लेप- आचार्य मनीष ने बताते हैं कि दर्द के समय माथे पर ठंडे चंदन का लेप लगाएं या ठंडे पानी की पट्टी रखें. चंदन की तासीर ठंडी होती है, जो सिर की बढ़ी हुई गर्मी को तुरंत सोख लेती है.
ये भी पढ़ें- फैटी लिवर को कैसे ठीक करें? आचार्य मनीष ने बताया Liver को हेल्दी रखने का रामबाण तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं