मेरी उम्र महज 35 साल है. इस उम्र में ही मुझे शरीर के अलग-अलग हिस्सों में दर्द हो रहा है. मैं अक्सर सोचती हूं कि आखिर मेरे जोड़ों में दर्द क्यों होता है. अभी तो मेरी उम्र भी कम है, आखिर मेरे जोड़ों में दर्द होने का कारण क्या है. इतना ही नहीं मैं अक्सर सोचती थी कि क्या जोड़ों के दर्द की दवा लेने से मुझे इससे राहत मिल सकेगी या नहीं.
आए दिन मैं जोड़ों में दर्द के घरेलू उपाय और जोड़ों में दर्द का इलाज तलाशती रहती थी. मुझे लगने लगा था कि जोड़ों में दर्द होना आम बात है. जब तक मेरी एक दोस्त ने एक सवाल मुझसे नहीं पूछा. उसने पूछा, "तुम्हें पता है कि किस विटामिन की कमी से जोड़ों में दर्द होता है?" ये सुनकर मुझे कुछ समझ नहीं आया.
भई ये सीन तो मेरे दिमाग में आया ही नहीं था. मैं तो इतने दिनों से दूध पीने और कैल्शियम खाने में लगी हुई थी.
और जब ये बात मैंने अपनी दोस्त को बताई तो उसने सीधा ये कहा कि "बेटा अगर कैल्शियम कम नहीं हुआ तो... और ज्यादा कैल्शियम खाने से अगर तेरे पथरी बन गई तो."
ये सुनकर दिमाग में सब घूम गया. क्या करूं, क्या खाऊं, कहां जाऊं. अब तो सीधा डॉक्टर के पास जाने का ही ऑप्शन बचता था. तो वही किया. मैंने मुलाकात की डॉ. ईश्वर बोहरा से. डॉ. ईश्वर बोहरा एक प्रसिद्ध जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन हैं, जिन्हें वैश्विक स्तर पर 23 वर्षों से अधिक का अनुभव है. अब वही थे जो मेरे सवालों का जवाब दे सकते थे.
बस फिर उन्होंने मुझे सब समझाया और बताया कि सिर्फ कैल्शियम की गोलियां निगलना ही हर दर्द का इलाज नहीं होता.
डॉक्टर साहब ने सबसे पहले मुझे शांत कराया और हंसते हुए बोले, "देखिए, 35 की उम्र में जोड़ों में दर्द होना कोई अजूबा नहीं है, लेकिन बिना टेस्ट कराए खुद ही डॉक्टर बन जाना गलत है." उन्होंने मुझे बताया कि हमारे जोड़ों और हड्डियों को सही सलामत रखने के लिए सिर्फ कैल्शियम नहीं, बल्कि कुछ खास विटामिन्स की भी सख्त जरूरत होती है.
यहां जानिए डॉक्टर ईश्वर बोहरा ने मुझे क्या-क्या समझाया:
1. विटामिन D3 (Vitamin D3) - असली विलेन यही था!
डॉ. ईश्वर बोहरा ने बताया कि अगर शरीर में विटामिन D की कमी है, तो आप चाहे कितना भी दूध पी लें या कैल्शियम खा लें, शरीर उस कैल्शियम को सोख (absorb) ही नहीं पाएगा. विटामिन D ही वो चाबी है जो कैल्शियम को हड्डियों तक पहुंचाती है. इसकी कमी से घुटनों और जोड़ों में खिंचाव, दर्द और मांसपेशियों में ऐंठन रहने लगती है.
2. विटामिन B12 (Vitamin B12) और नसों का दर्द
कई बार हमें लगता है कि दर्द हड्डियों का है, पर असल में वो दर्द नसों (nerves) का होता है. विटामिन B12 की कमी से नसों में कमजोरी आने लगती है, जिससे जोड़ों के आसपास झुनझुनी, सुन्नपन और दर्द महसूस होता है.
3. ज्यादा कैल्शियम खाने का नुकसान
मेरी दोस्त की बात एकदम सही थी. बिना डॉक्टर की सलाह के मनमर्जी से कैल्शियम की गोलियां खाते रहने से शरीर में कैल्शियम का लेवल असंतुलित हो जाता है, जिससे किडनी स्टोन (पथरी) होने का खतरा काफी बढ़ जाता है.

Photo Credit: AI
डॉक्टर ने मुझे क्या सलाह दी?
पहले टेस्ट, फिर इलाज: उन्होंने मुझे सबसे पहले Vitamin D3, Vitamin B12 और Calcium का ब्लड टेस्ट करवाने को कहा.
सुबह की धूप: रोज सुबह 15 से 20 मिनट गुनगुनी धूप में बैठने की आदत डालने को कहा, जो विटामिन D का सबसे बेहतरीन प्राकृतिक जरिया है.
खान-पान में बदलाव: डाइट में दही, पनीर, मशरूम, हरी पत्तेदार सब्जियां और ड्राई फ्रूट्स शामिल करने की सलाह दी.
सही सप्लीमेंट्स: टेस्ट रिपोर्ट देखने के बाद ही उन्होंने मुझे जरूरत के हिसाब से विटामिन D3 की खुराक लिखकर दी.
काम की बात:
अगर आप भी मेरी तरह 30-35 की उम्र में जोड़ों या शरीर के दर्द से परेशान हैं, तो घरेलू नुस्खे आजमाने से पहले एक बार डॉक्टर से मिलकर ब्लड टेस्ट जरूर करवा लें. सही समय पर सही विटामिन की पहचान ही आपको इस दर्द से छुटकारा दिला सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं