अक्सर हम घरों में कटे हुए फल को या खड़े फल को भी टोकरी में बाहर ही रख देते हैं. खुला रखा फल जानवरों का आहार बन सकता है. अक्सर घरों में छिपकलियां आ जाती हैं, कई बार ऐसे दूसरे रेंगने वाले कीड़े और जानवर भी घर में आ जाते हैं. अगर छिपकली या ऐसे दूसरे जानवर बाहर रखे फल को जूठा कर देते हैं और फिर आप या घर का कोई दूसरा सदस्य उसे खाता है तो ये बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. छिपकली का जूठा फल जहरीला हो जाता है और आपको बहुत बीमार कर सकता है. हाल में डॉक्टर बीपीएस त्यागी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर इस बारे में जरूरी जानकारी दी.
डॉक्टर त्यागी ने वीडियो शेयर कर बताया कि अगर छिपकली या रेंगने वाले दूसरे जानवर खुले फल को खा लेते हैं या चाट लेते हैं और इसके बाद इसे खाया जाए तो ये गंभीर रूप से बीमार कर सकता है. डॉक्टर ने बताया कि इन जानवरों के खाने के कई बार निशान समझ नहीं आते और हम इसे बिना धोए ही खा लेते हैं. धोने के बाद भी कई बार फल में फैल चुके टॉक्सिन्स नहीं जाते.
छिपकली का जूठा फल कैसे बनाता है बीमार? (How does fruit contaminated by a lizard make you sick?)
डॉक्टर के मुताबिक, रेंगने वाले जीव, जिनमें आम घरेलू छिपकलियां भी शामिल हैं साल्मोनेला बैक्टीरिया फैलाते हैं. अगर छिपकली की लार, मुंह के बैक्टीरिया, या उसकी बीट फल पर लग जाए, तो वे आप तक पहुंच सकते हैं. अगर आप यह बैक्टीरिया निगल लेते हैं तो आप बीमार पड़ सकते हैं. आपमें जी मिचलाना, उल्टी, पेट में ऐंठन और दस्त जैसे लक्षण दिख सकते हैं. कई बार बीमारी गंभीर हो सकती है और अस्पताल तक जाने की नौबत आ सकती है. छोटे बच्चों में ये और गंभीर लक्षण पैदा कर सकते हैं.
कैसे बचें
केला, संतरा या सेब जैसे छिलके वाले फलों को अच्छे से धोने के छीलकर खाएं. छिपकली ने गहरा काटा नहीं है, तो उसकी ऊपरी परत को अच्छी तरह धोने या उसे पूरी तरह छील देने से सतह पर मौजूद गंदगी हट सकती है. लेकिन अगर फल बहुत नरम है, उस पर काटने के निशान साफ दिख रहे हैं, या छिपकली ने उसे आधा खा लिया है, तो सुरक्षा के लिहाज से उसे फेंक देना ही सबसे अच्छा है.
प्रोफेसर डॉ. बी पी एस त्यागी (एमबीबीएस, एमएस-ईएनटी) गाजियाबाद के एक प्रसिद्ध ईएनटी (ENT) विशेषज्ञ हैं.
ये भी पढ़ें- मास्टरशेफ पंकज भदौरिया को हुआ ब्रेस्ट कैंसर, डॉक्टर से जानें शुरुआती लक्षण, कारण और बचाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं