हर किसी के जीवन में दोस्त जरूर होते हैं. दोस्तों के साथ बिताया गया समय किसे पसंद नहीं होता? चाय की टपरी पर फालतू की बातें करना हो, बिना किसी वजह के देर रात तक जागना हो या फिर अपनी लाइफ की सबसे बड़ी प्रॉब्लम शेयर करनी हो दोस्तों का होना हमारी जिंदगी को बहुत आसान बना देता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके ये दोस्त सिर्फ हंसी-मजाक या घूमने-फिरने के साथी नहीं हैं, बल्कि आपकी सेहत का सबसे बड़ा टॉनिक भी हैं? जी हां, आपने बिल्कुल सही सुना.
मेडिकल साइंस और रिसर्च भी यह मानती है कि जिन लोगों के पास अच्छे और सच्चे दोस्त होते हैं, वे शारीरिक और मानसिक रूप से ज्यादा मजबूत रहते हैं. आइए जानते हैं दोस्त क्यों हैं आपकी सेहत के लिए जरूरी.
दोस्त होने से सेहत को क्या मिलते हैं फायदे-
1. स्ट्रेस और टेंशन-
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में टेंशन होना बहुत आम बात है. ऑफिस का काम, फैमिली की जिम्मेदारियां और पैसों की चिंता इन सब की वजह से दिमाग में तनाव बना रहता है. ऐसे में जब आप किसी दोस्त से थोड़ी देर बात कर लेते हैं या उसके साथ हंस लेते हैं, तो आपका मूड ठीक हो जाता है. जब हम दोस्तों के साथ होते हैं, तो हमारे शरीर में 'कोर्टिसोल' का लेवल तेजी से गिरता है और 'ऑक्सीटोसिन' बढ़ने लगता है. इससे दिमाग शांत होता है.

2. दिल-
दोस्तों का सीधा कनेक्शन आपके दिल से होता है भावनात्मक रूप से भी और सेहत के मामले में भी. रिसर्च बताती है कि अकेलेपन और उदासी की वजह से लोगों में हाई ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है. वहीं दूसरी तरफ, जो लोग अपने दोस्तों के साथ खुलकर हंसते-बोलते हैं, उनका ब्लड प्रेशर कंट्रोल में रहता है. यानी आपके दोस्त आपके दिल को बीमार होने से बचाते हैं.
3. इम्यूनिटी-
दोस्तों के साथ हंसने-खिलखिलाने से शरीर में नेचुरल एंटी-बॉडीज बेहतर तरीके से काम करती हैं. अगर आप किसी बीमारी से जूझ रहे हैं, तो दोस्तों का सपोर्ट आपको जल्दी ठीक होने में भी मदद कर सकता है.
4. डिप्रेशन-
अकेलापन धीरे-धीरे डिप्रेशन का रूप ले लेता है. ऐसे समय में एक सच्चा दोस्त ढाल बनकर खड़ा होता है. जब आपको पता होता है कि कोई ऐसा व्यक्ति है जो बिना किसी जजमेंट के आपकी पूरी बात सुनेगा, तो आपका आत्मविश्वास वापस आ जाता है. दोस्त आपको डिप्रेशन की गहरी खाई में गिरने से रोकते हैं.
5. लंबी उम्र-
रिसर्च के अनुसार जिन लोगों का सोशल सर्कल अच्छा होता है और जिनके पास सच्चे दोस्त होते हैं, वे उन लोगों की तुलना में ज्यादा साल जीते हैं जो हमेशा अकेले रहते हैं. दोस्तों के साथ रहने से जीवन में एक मकसद बना रहता है, लाइफस्टाइल बेहतर होती है और आप अंदर से हमेशा पॉजिटिव महसूस करते हैं.
ये भी पढ़ें- शुगर, बीपी और हार्ट की 23 जरूरी दवाएं हुई सस्ती, जानें नई रेट लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं