रोटी में पाए जाने वाले कार्बोहाइड्रेट शरीर को एनर्जेटिक बनाए रखने में मदद करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं अगर इसे सही चीजों के साथ खाएं, तो और भी कई तरह के फायदे मिल सकते हैं. कई बार लोगों के दिमाग में एक सवाल आता है कि रोटी को किस सब्जी के साथ खाएं, तो शरीर को भरपूर पोषण मिल सके. आपके इस सवाल का जवाब आयुर्वेदाचार्य एवं योग गुरु डॉ. राम अवतार (Prof. Dr. Ram Avtar) ने एनडीटीवी से बातचीत में दिया है.
रोटी के साथ क्या खाना चाहिए?
डॉक्टर राम अवतार का कहना है कि अगर आप,
प्रोटीन पूरा करना है?
तो रोटी के साथ दाल खा सकते हैं. ये कॉम्बिनेशन शरीर में प्रोटीन और आयरन की कमी को दूर करने में मदद कर सकता है.
पेट की दिक्कत है?
जो लोग पेट से जुड़ी दिक्कतों से परेशान रहते हैं, उन्हें रोटी के साथ हरी सब्जियां जैसे पालक, मेथी, लौकी या तोरई का सेवन करना चाहिए. इन सब्जियों में पाया जाने वाला फाइबर पेट से जुड़ी दिक्कतें जैसे अपच, कब्ज और गैस से राहत दिलाने में मदद करता है.
हड्डियां कमजोर हैं?
डॉक्टर राम अवतार का कहना है कि जो लोग कमजोर हड्डियों की समस्या से परेशान हैं, उनके लिए रोटी के साथ पनीर खाना बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है. पनीर में भरपूर मात्रा में कैल्शियम पाया जाता है, जो हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाने में मददगार है.
किन लोगों को रोटी खानी चाहिए?
एफएमआरआई (FMRI) गुड़गांव में हेड क्लिनिकल न्यूट्रिशन डॉ. दीप्ति खटूजा ने एनडीटीवी से बातचीत में बताया कि जो लोग वजन कम करना चाहते हैं, उन्हें रोटी का सेवन नहीं करना चाहिए. इसमें कैलोरी ज्यादा होती है, जो आपके बढ़ते वजन का कारण बन सकती है. वहीं, जो लोग डायबिटीज का शिकार हैं, उन्हें भी गेहूं की रोटी का सेवन कम करना चाहिए.
इतना ही नहीं डॉक्टर दीप्ति आगे बताती हैं, जो लोग IBS से पीड़ित हैं, उन्हें भी रोटी का सेवन कम ही करना चाहिए. ऐसा इसलिए क्योंकि गेहूं की रोटी पेट में ब्लोटिंग, गैस, दर्द और दस्त का कारण बन सकती है. जिन लोगों को गेहूं से एलर्जी है, उन्हें भी गेहूं का सेवन नहीं करना चाहिए.
इसे भी पढ़ें: रोटी खाने का सही समय क्या है, लंच या डिनर? एक्सपर्ट ने बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं