चाहे सुबह ब्रेकफास्ट की थाली हो या रात को डिनर, रोटी के बिना किसी सब्जी का स्वाद कहां, लेकिन क्या आप जानते हैं रोटी खाने का सही समय क्या है? आयुर्वेदाचार्य एवं योग गुरु डॉ. राम अवतार (Prof. Dr. Ram Avtar) के अनुसार रोटी में कैलोरी और कार्ब्स की मात्रा ज्यादा पाई जाती है. अगर आप रात में इसका सेवन करते हैं, तो इससे न सिर्फ आपको भारी महसूस हो सकता है, बल्कि और भी कई तरह की समस्याओं का कारण बन सकती है.
रोटी कब खानी चाहिए? लंच और डिनर में कौन सा समय माना जाता है बेहतर
अब सबसे जरूरी सवाल आता है कि रोटी कब खानी चाहिए? आखिर रोटी खाने का सबसे सही समय क्या है? एक्सपर्ट के मुताबिक इसका जवाब आपकी स्वास्थ्य स्थिति और लाइफस्टाइल पर निर्भर करता है. अगर आपको कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या नहीं है, तो आप दिन ढलने से पहले किसी भी समय रोटी का सेवन कर सकते हैं.
डॉक्टर राम अवतार के अनुसार, अगर आप पूरी तरह स्वस्थ हैं तो दिन के समय रोटी खाना बेहतर विकल्प हो सकता है. दिन में खाई गई रोटी से मिलने वाली ऊर्जा आसानी से खर्च हो जाती है, जबकि देर रात इसका सेवन करने पर पाचन और वजन से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं.
यह भी पढ़ें : एक दिन में रोटी कितनी खानी चाहिए? एक्सपर्ट ने बताया एक रोटी में कितनी कैलोरी होती है
एक नजर में :
- स्वस्थ व्यक्ति दिन में किसी भी समय रोटी खा सकता है.
- रात में ज्यादा रोटी खाने से वजन बढ़ने की आशंका हो सकती है.
- डिनर में 2 से ज्यादा रोटी न खाने की सलाह दी गई है.
- ब्लड शुगर और पाचन पर भी असर पड़ सकता है.
क्या रात में रोटी खाना सही है?
इस सवाल का जवाब आपकी सेहत, लाइफस्टाइल और शारीरिक गतिविधि पर निर्भर करता है. एक्सपर्ट्स के अनुसार, डिनर में रोटी खाई जा सकती है, लेकिन इसकी मात्रा सीमित रखना जरूरी है. डॉ. राम अवतार ने कहा कि अगर आप खाना खाने के तुरंत बाद सो जाते हैं या शारीरिक रूप से ज्यादा एक्टिव नहीं हैं, तो रात में रोटी खाना पाचन पर असर डाल सकता है और लंबे समय में वजन बढ़ना जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है. इसलिए रात के भोजन में हल्का खाना और रोटी की संख्या नियंत्रित रखना बेहतर माना जाता है.
रात में रोटी क्यों नहीं खानी चाहिए?
डॉ. राम अवतार को योग, आयुर्वेद, नाड़ी विज्ञान और न्यूरोथेरेपी के क्षेत्र में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव है. इस सवाल पर NDTV से बातचीत के दौरान उनका कहना था कि रात में डिनर की प्लेट में अगर आप रोटियों के साथ सब्जी और सलाद भी खाते हैं और फिर बिना वॉक करे सो जाते हैं, तो बढ़ते वजन की समस्या का सामना करना पड़ सकता है.
मेटाबॉलिज्म खराब हो सकता है?
डॉक्टर राम अवतार के मुताबिक रोटी में पाए जाने वाले सिंपल कार्ब्स आपके बाउल मूवमेंट को प्रभावित करके पेट से जुड़ी दिक्कतों जैसे गैस, अपच और ब्लोटिंग का कारण बन सकते हैं.
शुगर बढ़ सकती है?
डॉक्टर राम अवतार के मुताबिक रोटी में कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जो ब्लड शुगर लेवल को बढ़ा सकते हैं. अगर आप रात में रोटी खाते हैं, तो यह आपके ब्लड शुगर लेवल को प्रभावित कर सकती है.
रात में कितनी रोटी खानी चाहिए?
डॉक्टर का कहना है कि अगर आप रात में रोटी खा भी रहे हैं, तो कोशिश करें 2 से ज्यादा न खाएं. आप चाहें तो रात को डिनर में मूंग दाल खिचड़ी, वेजिटेबल सूप जैसी चीजों को खा सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: प्रोटीन इंटेक बढ़ाने के बाद खराब हो गया पेट? कहीं ये गलती तो नहीं कर रहे आप?
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
रात में रोटी खाना सही है?
अगर आप स्वस्थ हैं तो सीमित मात्रा में रोटी खा सकते हैं, लेकिन देर रात अधिक मात्रा में रोटी खाने से पाचन और वजन पर असर पड़ सकता है.
डिनर में कितनी रोटी खानी चाहिए?
एक्सपर्ट के अनुसार रात के भोजन में 2 से ज्यादा रोटी खाने से बचना बेहतर हो सकता है.
क्या रात में रोटी खाने से वजन बढ़ता है?
अगर रोटी खाने के बाद शारीरिक गतिविधि कम हो और व्यक्ति तुरंत सो जाए, तो वजन बढ़ने का जोखिम बढ़ सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं