बिहार की मशहूर डिश लिट्टी आपने कई बार खाई होगी, लेकिन क्या आपने कभी सत्तू और प्याज से बनने वाली कचौड़ी खाई है? अगर नहीं, तो एक बार सत्तू और प्याज की मसालेदार कचौड़ी जरूर करें. शाम की चाय के वक्त गर्मागर्म चाय के साथ कुरकुरी कचौड़ी इवनिंग स्नैक्स के स्वाद को दोगुना बढ़ा देती है. भुने चने के सत्तू में प्याज, अदरक, हरी मिर्च और मसालों का मेल इसे चटपटा स्वाद देता है. इसे बनाने के लिए किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं होती. बस आटे में सही मात्रा में मोयन, स्टफिंग में बैलेंस नमी और तलते समय आंच का ध्यान रखा जाए, तो घर में बाजार जैसी स्वादिष्ट सत्तू कचौड़ी आसानी से तैयार की जा सकती है. मेहमानों के आने पर या छुट्टी के दिन फैमिली के लिए ये बेहतरीन ब्रेकफास्ट साबित हो सकती है.
सत्तू-प्याज की कचौड़ी बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
करीब छह लोगों के लिए कचौड़ी बनाने के लिए अगर आप आटा तैयार कर रहे हैं, तो इसके लिए मैदा- 2 कप, स्वादानुसार नमक,1 छोटा चम्मच अजवाइन और 2 बड़े चम्मच घी लें. इसके साथ आटा गूंथने के लिए जरूरत के अनुसार पानी रखें. सत्तू की भरावन तैयार करने के लिए डेढ़ कप भुने चने का सत्तू, 1 बारीक कटा प्याज, 1 बड़ा चम्मच अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, 1 छोटा चम्मच जीरा, 1 छोटा चम्मच सौंफ, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, आधा छोटा चम्मच हल्दी, आधा से 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर लें. इसके अलावा 1 छोटा चम्मच अमचूर, आधा छोटा चम्मच चाट मसाला, थोड़ा हरा धनिया, स्वादानुसार नमक, 1 बड़ा चम्मच घी और थोड़ा नींबू का रस भी रखें. तलने के लिए तेल अलग से चाहिए.
ऐसे तैयार करें खस्ता सत्तू-प्याज कचौड़ी
एक बड़े बर्तन में मैदा, नमक और अजवाइन डालें. अजवाइन को हल्का मसलकर डालने से उसकी खुशबू और बेहतर आती है. अब इसमें घी मिलाकर अच्छी तरह रगड़ें ताकि मोयन पूरे आटे में समान रूप से मिल जाए. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए मुलायम लेकिन टाइट आटा गूंथ लें. आटा बहुत सख्त या ज्यादा नरम नहीं होना चाहिए. गूंथे हुए आटे को ढककर करीब 20 मिनट के लिए रख दें. इससे आटा सेट हो जाएगा और कचौड़ियां बेलते समय फटेंगी नहीं.

भरावन बनाने के लिए एक पैन में घी गर्म करें और उसमें जीरा व सौंफ डालकर भून लें. खुशबू आने पर हींग और बारीक कटा प्याज डालें. प्याज को हल्का नरम होने तक भूनें. अब अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट डालकर कुछ सेकंड पकाएं.
इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालकर मसालों को अच्छी तरह मिलाएं. अब सत्तू डालकर धीमी आंच पर चलाते हुए मसालों के साथ मिक्स करें. सत्तू पहले से भुना हुआ होता है, इसलिए इसे ज्यादा देर तक भूनने की जरूरत नहीं पड़ती. अब इसमें अमचूर, चाट मसाला और नमक डालें. गैस बंद करने के बाद हरा धनिया और थोड़ा नींबू रस मिलाएं. भरावन को अच्छी तरह चलाकर ठंडा होने दें.
ध्यान रखें कि भरावन न ज्यादा सूखी होनी चाहिए और न ही बहुत गीली. अगर मिक्चर ज्यादा सूखा लगे तो एक-दो चम्मच पानी छिड़ककर मिला सकते हैं. वहीं अधिक गीली स्टफिंग कचौड़ियों को फाड़ सकती है. इसलिए संतुलित नमी बनाए रखना जरूरी है. आटे की बराबर लोइयां बनाएं. एक लोई को हथेली से फैलाकर कटोरी जैसा आकार दें. बीच में पर्याप्त मात्रा में सत्तू की स्टफिंग रखें और किनारों को ऊपर लाकर अच्छी तरह बंद कर दें.

इसके बाद भरी हुई लोई को हथेली से हल्के दबाव के साथ चपटा करें. चाहें तो बहुत हल्के हाथों से बेल भी सकते हैं. ध्यान रखें कि कचौड़ी अधिक पतली न हो, वरना भरावन बाहर निकल सकती है. कड़ाही में तेल गर्म करें. जब तेल मध्यम गर्म हो जाए तो उसमें कचौड़ियां डालें. शुरुआत में उन्हें तुरंत पलटने की बजाय कुछ सेकंड एक तरफ से सिकने दें. फिर पलटकर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. तेज आंच पर तलने से कचौड़ी बाहर से तो जल्दी पक जाती है, लेकिन अंदर का हिस्सा कच्चा रह सकता है. इसलिए धीमी से मध्यम आंच पर तलना सबसे अच्छा माना जाता है.
आलू की सब्जी और चटनी के साथ सर्व करें खस्ता कचौड़ी
तैयार सत्तू कचौड़ी को हरी धनिया-पुदीना चटनी, मीठी इमली की चटनी या रसेदार आलू की सब्जी के साथ परोसें. ताजी और गर्म कचौड़ी का स्वाद सबसे बेहतर लगता है. ध्यान रखें कि तलने के तुरंत बाद इन्हें बंद डिब्बे में न रखें, नहीं तो भाप के कारण इनकी खस्ता परत नरम हो सकती है.
ये भी पढ़ें - घर पर पहाड़ी नमक कैसे बनाएं? जानें पिस्यु लूण बनाने की आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं