घर पर आप जब भी चावल या बिरयानी बनाते हैं और पुलाव अच्छे और खिले-खिले नहीं बनते हैं तो ये रेसिपी आपके लिए ही है. अक्सर लोग पुलाव यानी चावल को खिला-खिला बनाने की कोशिश करते हैं जैसे रेस्टोरेंट में बनते हैं. लेकिन हर बार आपके हाथ निराशा ही लगती है. चलिए आपको बताते हैं इसे बनाने का आसान तरीका. यूट्यूब पर @CookingWithChefAshok नाम के चैनल पर शेफ अशोक ने चिकन पुलाव बनाने का सही तरीका बताया है.
चटपटा चिकन पुलाव कैसे बनाएं?
शेफ अशोक ने अपने वीडियो में बताया कि बिरयानी जैसा चटपटा चिकन पुलाव बनाने के लिए सही मसाले और सही तरीका जरूरी है. दही और खुशबूदार बासमती चावल के साथ तैयार किया गया पुलाव हर दाने को खिला-खिला बनाता है. वहीं, सही तरीके से मेरिनेट किया गया चिकन मुलायम और जूसी बनता है, जिससे इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. इस रेसिपी में चिकन और चावल दोनों धीरे-धीरे दम पर पकते हैं, जिससे मसालों का स्वाद हर दाने तक पहुंचता है.
चिकन को मेरिनेट करें
पुलाव के लिए चिकन को मेरिनेट करना जरूरी है. चिकन को अच्छी तरह धोकर उसमें नमक, हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और नींबू का रस मिलाएं. इसके बाद इसे कम से कम 15 मिनट के लिए छोड़ दें. इससे मसालों का स्वाद चिकन के अंदर तक पहुंच जाता है और चिकन जल्दी पकता है. इसके बाद पुलाव के लिए बासमती चावल सबसे अच्छे माने जाते हैं. चावलों को 3 से 4 बार अच्छे से धोकर लगभग 20 मिनट तक पानी में भिगोकर रखें. इससे चावल पकने के बाद लंबे और खिले-खिले बनते हैं. एक बर्तन में तेल गर्म करें और उसमें बड़ी इलायची, छोटी इलायची, लौंग, तेजपत्ता और जावित्री जैसे साबुत मसाले डालें. इसके बाद पतले कटे प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट, टमाटर की प्यूरी और मसालों वाला दही डालकर अच्छी तरह पकाएं.
चिकन और आलू को पकाएं
जब मसाला अच्छी तरह भुन जाए और तेल छोड़ने लगे, तब उसमें मेरिनेट किया हुआ चिकन और कटे हुए आलू डालें. चिकन को कुछ मिनट तक अच्छी तरह भूनें. इसके बाद पुदीना, हरा धनिया और साबुत हरी मिर्च डालकर स्वाद को और बढ़ाएं. पुलाव में पानी की मात्रा बहुत जरूरी होती है. जरूरत से ज्यादा पानी डालने पर पुलाव चिपचिपा हो सकता है. इसलिए चावल और चिकन की ग्रेवी को ध्यान में रखते हुए गर्म पानी का इस्तेमाल करें.
दम पर पकाने से आएगा असली स्वाद
जब पानी में उबाल आ जाए, तब भीगे हुए चावल डाल दें. कुछ देर पकाने के बाद बर्तन को फॉइल या आटे से अच्छी तरह सील कर दें और धीमी आंच पर 10 से 12 मिनट तक दम दें. इससे पुलाव में शानदार खुशबू और बेहतरीन स्वाद आता है. दम पर पका चिकन पुलाव तैयार होने के बाद कुछ मिनट आराम करने दें. फिर हल्के हाथों से चावल को चलाएं. गरमागरम चिकन पुलाव को बूंदी रायता, प्याज के सलाद या दही के साथ परोसें. ये रेसिपी घर के सभी सदस्यों को जरूर पसंद आएगी.
यह भी पढ़ें:- कुकर में कढ़ी-चावल कैसे बनाएं? शेफ से जानें 15 मिनट में कढ़ी-चावल एक साथ बनाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- लोहे की कड़ाही में बनाएं बालों के लिए खास तेल, बाल झड़ना होगा दूर, एक्सपर्ट से जानें बनाने और लगाने का सही तरीका
यह भी पढ़ें:- सर्दियों में मोरिंगा का सूप पीने से क्या होगा? जानें सहजन का सूप बनाने की आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं