आजकल बाल झड़ना बहुत आम समस्या बन गई है. बदलता लाइफस्टाइल, तनाव, प्रदूषण और पोषण की कमी के चलते बालों पर ज्यादा असर पड़ता है. बालों का झड़ना रोकने के लिए लोग कई तरह के उपाय अपनाते हैं. अगर आप भी बालों के झड़ने से परेशान हैं तो आप कुछ घरेलू नुस्खे अपना सकते हैं. बालों को हेल्दी रखने के लिए सरसों के तेल, करी पत्ता, मेथी दाना और कलौंजी से तैयार किया गया तेल बहुत लाभदायक होता है, जिसे बालों को पोषण देने और उनकी जड़ों को मजबूत बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. चलिए आपको बताते हैं लोहे की कड़ाही में बालों के लिए खास तेल कैसे बनाएं?
लोहे की कड़ाही में बनाएं खास तेल
यूट्यूब पर @prachishomerecipe नाम के चैनल पर आयुर्वेदिक डॉक्टर उपासना वोहरा का एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में डॉक्टर उपासना बालों को झड़ने से रोकने के लिए एक खास तेल बताया है. वीडियो में उन्होंने बताया कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सभी चीजें बालों की सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाती हैं. सरसों का तेल सिर की त्वचा को नमी देने में मदद करता है, जबकि करी पत्ता, मेथी और कलौंजी में ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो बालों की देखभाल के लिए लंबे समय से उपयोग किए जाते रहे हैं.
तेल बनाने का तरीका
सबसे पहले लोहे की कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें. जब तेल अच्छी तरह गरम हो जाए तो उसमें एक कटोरी करी पत्ता डाल दें. इसके बाद एक-एक चम्मच कलौंजी और मेथी दाना मिलाएं. अब गैस की आंच धीमी कर दें और सभी चीजों को तब तक पकाएं जब तक वे अच्छी तरह भुनकर गहरे रंग की न हो जाएं. इसके बाद गैस बंद कर दें और तेल को पूरी रात उसी बर्तन में रहने दें. अगले दिन सुबह तेल को छानकर किसी साफ बोतल में भर लें. इस तेल को हफ्ते में दो से तीन बार बालों की जड़ों और स्कैल्प पर हल्के हाथों से लगाकर मालिश करें. कुछ घंटों बाद या अगले दिन बाल धोएं.
इस तेल के फायदे
करी पत्ते में एंटीऑक्सीडेंट और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. मेथी दाना प्रोटीन और अन्य पोषक तत्वों का स्रोत है, जबकि कलौंजी का इस्तेमाल बालों की देखभाल के लिए पुराने समय से किया जा रहा है. सरसों का तेल स्कैल्प को मॉइस्चराइज रखने में मदद करता है.
यह भी पढ़ें:- चावल के आटे का साबुन कैसे बनाएं? रोज नहाने के लिए घर पर साबुन बनाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- घर पर केसर कैसे उगाएं? कंटेनर और गमले में केसर लगाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- घर में कीड़े-मकोड़ों कैसे आ जाते हैं? घर से कीड़ों को दूर रखने के 5 आसान तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं