विज्ञापन

क्या अनानास खाने से बढ़ती है फर्टिलिटी? एक्सपर्ट ने बताया कितनी सच है ये बात

अनानास कई तरह के पोषक तत्वों का भंडार है. इसके सेवन से कई फायदे हो सकते हैं, इन दिनों कई लोग दावा कर रहे हैं कि इसके सेवन से फर्टिलिटी बूस्ट होती है. यहां जानते हैं इस दावे की सच्चाई क्या है?

क्या अनानास खाने से बढ़ती है फर्टिलिटी? एक्सपर्ट ने बताया कितनी सच है ये बात
Pineapple and Fertility : अनानास और फर्टिलिटी

मां बनने की कोशिश कर रही कई महिलाएं और कपल्स अक्सर इंटरनेट पर ऐसे फूड्स खोजते रहते हैं, जो फर्टिलिटी बढ़ाने में मदद कर सकें. इन्हीं में से एक नाम अनानास का भी है. सोशल मीडिया और कई ऑनलाइन फोरम्स पर दावा किया जाता है कि अनानास यानि पाइनएप्पल का बीच वाला सख्त हिस्सा (कोर) खाने से प्रेग्नेंसी के चांस बढ़ने में मदद मिल सकती है, क्या इस बात में किसी तरह की सच्चाई है? इस विषय को समझने के लिए हमने  यशोदा हॉस्पिटल्स, सिकंदराबाद की सीनियर कंसल्टेंट ऑब्स्टेट्रिशियन और गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. माधवी रेड्डी वेन्नापुसा से बातचीत की है. डॉक्टर कहती हैं कि फिलहाल ऐसा कोई मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद नहीं है जो यह साबित करता हो कि अनानास खाने से फर्टिलिटी बढ़ती है या गर्भधारण की संभावना बेहतर होती है.

अनानास को लेकर कहा से आई ये धारणा ?

अनानास में ब्रोमेलेन नाम का एक एंजाइम पाया जाता है. माना जाता है कि इसमें हल्के एंटी-इन्फ्लेमेटरी और ब्लड थिनिंग गुण हो सकते हैं. इसी वजह से कुछ लोगों का मानना है कि यह भ्रूण के गर्भाशय में इम्प्लांट होने की प्रक्रिया में मदद कर सकता है.

हालांकि, डॉक्टर बताती हैं कि अब तक ऐसी कोई विश्वसनीय क्लीनिकल स्टडी सामने नहीं आई है, जिसमें यह साबित हुआ हो कि अनानास खाने से इम्प्लांटेशन बेहतर होता है, अंडों की गुणवत्ता बढ़ती है, स्पर्म हेल्थ सुधरती है या प्रेग्नेंसी रेट में बढ़ोतरी होती है.

क्या गर्भधारण की कोशिश कर रहे लोग अनानास खा सकते हैं?

डॉक्टर कहती हैं कि अनानास एक पौष्टिक फल है और इसे संतुलित आहार का हिस्सा बनाया जा सकता है. इसमें विटामिन C, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद हैं. लेकिन इसे किसी फर्टिलिटी ट्रीटमेंट या चमत्कारी फूड की तरह नहीं देखना चाहिए.

इसके अलावा जरूरत से ज्यादा अनानास खाना भी सही नहीं है. जिन लोगों को एसिडिटी, मुंह में छाले रहने की समस्या होती है या जो ब्लड थिनर दवाएं लेते हैं, उन्हें इसका अधिक सेवन करने से बचना चाहिए.

फर्टिलिटी बढ़ाने में वास्तव में क्या चीजें मदद करती हैं?

डॉक्टर का कहना है कि फर्टिलिटी सिर्फ किसी एक फल या फूड पर निर्भर नहीं करती. उम्र, हार्मोनल हेल्थ, ओव्यूलेशन, स्पर्म की गुणवत्ता, लाइफस्टाइल और दूसरी मेडिकल कंडीशंस भी इसमें बड़ी भूमिका निभाती हैं.

प्रेग्नेंसी प्लान कर रहे कपल्स को संतुलित आहार लेना चाहिए, पर्याप्त फोलेट लेना चाहिए. नियमित एक्सरसाइज करनी चाहिए और तनाव को कम रखने की कोशिश करनी चाहिए. साथ ही धूम्रपान और जरूरत से ज्यादा शराब के सेवन से बचना भी जरूरी है.

अगर एक साल तक कोशिश करने के बाद भी गर्भधारण नहीं हो रहा है या पहले से कोई समस्या मौजूद है, तो बिना देरी किए फर्टिलिटी स्पेशलिस्ट से सलाह लेनी चाहिए. हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि किसी एक फर्टिलिटी फूड पर भरोसा करने के बजाय सही मेडिकल सलाह और हेल्दी लाइफस्टाइल ज्यादा असरदार साबित होते हैं.

ये भी पढ़ें - पाइनएप्पल कैसे काटते हैं? जानें काटने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pineapple, Fertility, Fertility After Menopause, Fertility After 40, Food
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com