Beetroot Idli Recipe: अगर आप रोज वही साधारण इडली या पराठा खाकर बोर हो चुके हैं, तो अब नाश्ते में कुछ नया और हेल्दी ट्राई करने का समय है. चुकंदर इडली एक ऐसा ऑप्शन है, जो देखने में जितनी आकर्षक होती है, उतनी ही पोषण से भरपूर भी होती है. इसका हल्का गुलाबी रंग बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. चुकंदर में आयरन (Iron), फाइबर (Fibre) और एंटीऑक्सीडेंट्स (Antioxidants) भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं और खून की कमी (Anaemia) को दूर करने में भी मदद करते हैं. यही वजह है कि यह इडली सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है.
चुकंदर इडली बनाने के लिए सामग्री- (Ingredients For Making Beetroot Idli)
- 1 कप इडली बैटर
- 1 छोटा चुकंदर (कद्दूकस किया हुआ)
- 1 चम्मच सूजी
- 1/2 कप दही
- नमक स्वाद अनुसार
- 1/2 चम्मच ईनो
- थोड़ा सा तेल
चुकंदर इडली बनाने की आसान विधि- (How To Make Beetroot Idli)
- सबसे पहले चुकंदर को धोकर छील लें और बारीक कद्दूकस कर लें.
- अब एक बाउल में इडली बैटर लें और उसमें चुकंदर मिलाएं.
- इसके बाद इसमें दही, सूजी और नमक डालकर अच्छे से मिक्स करें. बैटर को 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि यह थोड़ा गाढ़ा और सेट हो जाए.
- अब इडली मोल्ड में हल्का सा तेल लगाकर ग्रीस करें.
- बैटर में आखिर में ईनो डालें और हल्के से मिलाएं.
- तुरंत इस बैटर को मोल्ड में डाल दें और स्टीमर में 10 से 12 मिनट तक पकाएं.
- जब इडली अच्छी तरह फूल जाए, तो गैस बंद कर दें और थोड़ी देर ठंडा होने दें. इसके बाद इडली को निकाल लें.
चुकंदर इडली खाने के फायदे- (Benefits Of Eating Beetroot Idli)
चुकंदर इडली न सिर्फ लो कैलोरी (Low Calorie) होती है, बल्कि यह पाचन (Digestion) के लिए भी हल्की होती है. इसमें मौजूद फाइबर पेट को साफ रखने में मदद करता है. इसके अलावा यह बच्चों के टिफिन (Tiffin) के लिए भी एक बढ़िया ऑप्शन है, क्योंकि इसका रंग और स्वाद दोनों उन्हें आकर्षित करते हैं.
कैसे करें सर्व-
आप इसे नारियल चटनी, हरी चटनी या सांभर के साथ परोस सकते हैं. इसका हल्का मीठा और सॉफ्ट टेक्सचर इसे और भी स्वादिष्ट बना देता है.
अगर आप हेल्दी और टेस्टी नाश्ते की तलाश में हैं, तो चुकंदर इडली को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें. यह आसानी से बनने वाली रेसिपी है, जो स्वाद के साथ सेहत का भी पूरा ध्यान रखती है.
Watch Video: Jalebi History: जानिए कहां और कब बनी थी पहली जलेबी, जानिए इसका इतिहास
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं