Phulera Dooj Ke Upay: फाल्गुन मास के शुक्लपक्ष की द्वितीया तिथि पर फुलेरा दूज का पावन पर्व मनाया जा रहा है. भगवान श्री कृष्ण और राधा रानी से जुड़ा यह पावन पर्व हर साल बसंत पंचमी और होली के बीच में आता है. गौरतलब है कि बसंत पंचमी के दिन से ब्रजमंडल में होली की शुरुआत हो जाती है. हिंदू मान्यता के अनुसार फुलेरा दूज वाले दिन ही भगवान श्री कृष्ण ने ब्रजमंडल में राधा रानी के के संग फूलों की होली खेली थी. यही कारण है कि इस पावन पर्व पर मथुरा-वृंदावन में विशेष उत्सव और पूजा की जाती है. आइए फुलेरा दूज से जुड़े उन उपायों के बारे में जानते हैं, जिन्हें करते ही श्री कृष्ण सभी कामनाएं पूरी करते हैं.
फुलेरा दूज के उपाय | Phulera Dooj Remedies
1. फुलेरा दूज पर करें शीघ्र विवाह का ये उपाय
हिंदू मान्यता के अनुसार भगवान श्री कृष्ण और राधा रानी की कृपा पाने के लिए फुलेरा दूज का पर्व अत्यंत ही शुभ और फलदायी माना गया है. जिन लोगों की विवाह में किसी भी प्रकार की कोई अड़चन आ रही होती है या फिर जिन्हें मनचाहा साथी की तलाश बनी हुई है, उन्हें इस दिन विशेष रूप से भगवान श्री कृष्ण और राधा जी की पीले पुष्प, पीले वस्त्र, पीले फल और पीले रंग की मिठाई चढ़ाकर पूजा करनीा चाहिए. कन्याओं को मनचाहा वर पाने के लिए फुलेरा दूज पर राधा रानी को श्रृंगार की सामग्री जेसे चुनरी, सिंदूर, चूड़ी, मेहंदी आदि चढ़ानी चाहिए.
2. बांसुरी से दूर होंगी वैवाहिक जीवन की बाधाएं
यदि आपके वैवाहिक जीवन को किसी की नजर लग गई है और तालमेल की कमी के चलते जीवनसाथी के साथ मतभेद या मनभेद बना हुआ है तो सुखी दांपत्य जीवन के लिए आज मुरलीमनोहर श्री कृष्ण की पूजा में विशेष रूप से बांसुरी चढ़ाएं और 'ॐ नमः भगवते वासुदेवाय कृष्णाय क्लेशनाशाय गोविंदाय नमो नमः' मंत्र का जप करें.
3- राधा-कृष्ण के दर्शन से दूर होंगे सारे दुख
यदि आपके जीवन से जुड़े किसी कष्ट के चलते काफी परेशान चल रहे हैं या फिर आपकी कोई बड़ी मनोकामना है तो आज सभी संकटों को दूर करे कामनाओं को पूरा करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के मंदिर में जाकर दर्शन और पूजन करें. हिंदू मान्यता के अनुसार श्रद्धा और विश्वास के साथ श्री कृष्ण से कान्हा को याद करने और उनकी प्रार्थना करने पर वह बिल्कुल उसी तरह अपने भक्त की मदद और कामनाओं को पूरा करने के लिए दौड़े चले आते हैं, जैसे वे द्रौपदी की लाज बजाने के लिए पहुंच गये थे.
4. कृष्ण संग राधा रानी की कृपा बरसाने वाला स्तोत्र
हिंदू मान्यता के अनुसार फुलेरा दूज पर भगवान श्री कृष्ण और जगतजननी राधा रानी की कृपा पाने के लिए साधक को पूजा में विशेष रूप से 'मधुराष्टकं' या 'राधा कृपा कटाक्ष' का पाठ करना चाहिए. मधुराष्टकं का पाठ करने से जहां श्री कृष्ण की कृपा बरसती है, वहीं 'राधा कृपा कटाक्ष' का पाठ करने से जीवन के सभी दुख दूर और कामनाएं पूरी होती हैं.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं