विज्ञापन
This Article is From May 09, 2014

राहुल गांधी ने साधे एक तीर से दो निशाने, लगाया ममता-मोदी के बीच साठ-गांठ का आरोप

कोलकाता:

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि वह ममता बनर्जी और नरेंद्र मोदी के बीच नया गठबंधन बनता देख रहे हैं। राहुल गांधी ने एक जनसभा के दौरान ममता और मोदी पर जमकर हमला बोला।

राहुल ने कहा कि ममता और मोदी में सांठगांठ है और दोनों ही गुस्से की जुबान बोलते हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने अपने दावे को साबित करने के लिए अद्भुत व्याख्या दी। राहुल ने एक चुनावी सभा में कहा, अगर आप ममता के नाम का उच्चारण करें, तो यह म-म-ता है। पहला म ममता है और दूसरा म मोदी है। गठबंधन होने वाला है।

उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि पहले भी ममता और बीजेपी नीत एनडीए के बीच गठबंधन था, जब यह गठबंधन सत्ता में था। अपने पिता दिवंगत राजीव गांधी और ममता बनर्जी के बीच अच्छे संबंधों को याद करते हुए राहुल ने अफसोस जताया कि सत्ता में आने के बाद उन्होंने कांग्रेस को धोखा दिया।

राहुल ने कहा, ममता जी का मैं काफी सम्मान करता हूं। उन्होंने मेरे पिता के साथ काम किया था। मैं उनके खिलाफ जो भी कहता हूं, सम्मान एवं प्यार के कारण बोलता हूं न कि गुस्से में। बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़ दिया और फिर हमारे साथ गठबंधन किया, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्होंने हमें धोखा दिया।

इसके बाद राहुल ने शारदा चिटफंड घोटाले का जिक्र करते हुए आरोप लगाए कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार घोटाले में शामिल लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, ममताजी ने वाम शासन के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी, तब उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। लेकिन सत्ता में आने के बाद शारदा चिटफंड घोटाला हुआ, जिसमें लाखों लोगों को लूटा गया... राज्य सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन इसने चुप्पी साधे रखी।

(इनपुट भाषा से भी)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ममता बनर्जी, राहुल गांधी, नरेंद्र मोदी, तृणमूल कांग्रेस, भाजपा, कांग्रेस, पश्चिम बंगाल, लोकसभा चुनाव 2014, आम चुनाव 2014, Mamata Banerjee, Rahul Gandhi, Narendra Modi, TMC, BJP, Congress, NDA, West Bengal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com