विज्ञापन
This Article is From Mar 25, 2014

बनारस पहुंचे अरविंद केजरीवाल का विरोध, अंडे और स्याही फेंकी गई

नई दिल्ली:

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार सुबह उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी पहुंचे। काशी पहुंचे केजरीवाल ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच काल भैरव मंदिर में पूजा अर्चना की और गंगाजी में डुबकी लगाई।

अरविंद ने कहा, उप्र में कांग्रेस और भाजपा के शहंशाहों को हराना है। अमेठी में कुमार विश्वास राहुल गांधी के खिलाफ  लड़ रहे हैं और मैं बनारस में मोदी के खिलाफ  लड़ने आया हूं।

इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के खिलाफ वाराणसी में जमकर प्रदर्शन किया। काल भैरव मंदिर के बाहर हुए हंगामे के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचने के दौरान केजरीवाल की गाड़ी पर अंडे फेके गए। हालांकि विरोध के बावजूद केजरीवाल ने रोड शो किया।

रोड शो के दौरान केजरीवाल एक खुले वाहन पर सवार होकर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे, और उनके साथ सैकड़ों की संख्या में समर्थकों का काफिला चल रहा था। उसी दौरान उन पर स्याही फेंकी गई। स्याही उनके और वरिष्ठ पार्टी नेताओं, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के चेहरों और कपड़ों पर गिरी।

गौरतलब है कि  केजरीवाल सुबह जैसे ही काल भैरव मंदिर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केजरीवाल कांग्रेस के इशारे पर ही बनारस से चुनाव लड़ने आए हैं।

प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने वहां से खदेड़ दिया, लेकिन कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे।

मंदिर के बाहर आप और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भी नोकझोंक हुई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ही मामला शांत हुआ।

इससे पूर्व, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल सुबह शिवगंगा एक्सप्रेस से बनारस पहुंचे। बनारस रेलवे स्टेशन पर आप कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वह वहां से आप नेता संजय सिंह के मित्र के घर चले गए।

उल्लेखनीय है कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी वाराणसी से लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। केजरीवाल ने घोषणा कर रखी है कि वह 25 मार्च (आज)को आयोजित रैली के दौरान जनता से राय-मशविरा करने के बाद ही फैसला करेंगे कि वह वाराणसी संसदीय सीट से चुनाव लड़ेंगे या नहीं। उनकी इस घोषणा के बाद सभी राजनीतिक दलों की निगाहें बेनिया पार्क में होने वाली आप की रैली पर टिकी हुई हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी, नरेंद्र मोदी, वाराणसी में केजरीवाल, Arvind Kejriwal, Narendra Modi, AAP, Arvind Kejriwal In Varanasi, लोकसभा चुनाव 2014, आम चुनाव 2014, Lok Sabha Polls 2014, General Elections 2014