उत्तर प्रदेश के लाखों छात्रों को मुफ्त टैबलेट दिया जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 20 नवंबर को गोरखपुर मंडल के चार जिलों के छात्रों को 50,000 टैबलेट बांटेंगे. इसका मकसद डिजिटल पहुंच को बेहतर बनाना और पढ़ाई के मौके बढ़ाना है. कुल 25 लाख टैबलेट बांटने की योजना है. रामगढ़ताल इलाके के चंपा देवी पार्क में ये टैबलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित हो रहा है. इस दौरान गोरखुपर जिले के 35 हजार छात्रों को टैबलेट मिलेगा, वहीं कुशीनगर, देवरिया और महाराजगंज के 5-5 हजार छात्रों को टैबलेट दिए जाएंगे.
गोरखपुर में 1 लाख से ज्यादा छात्रों को मिला टैबलेट
2021-22 में योजना शुरू होने के बाद से ही अब तक गोरखपुर में 1 लाख 40 हजार से ज्यादा छात्रों को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जा चुके हैं. डिजिटल दौर में छात्रों को उनके जरूरी काम और बाकी चीजें सीखने के लिए ये डिवाइस दिए जा रहे हैं. इसमें यूपी के उच्च शिक्षा, तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, मेडिकल और प्रोफेशनल एजुकेशन के साथ-साथ बाकी तमाम तरह के कोर्स कर रहे छात्रों को मुफ्त स्मार्टफोन और टैबलेट दिए जा रहे हैं. योजना में यूजी और पीजी कोर्स, डिप्लोमा प्रोग्राम, स्किल डेवलपमेंट कोर्स, पैरामेडिकल और नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे छात्र शामिल हैं.
सीएम ने किया था ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण का ऐलान किया था. इस दौरान उन्होंने छात्रों से कहा कि टैबलेट का इस्तेमाल केवल मनोरंजन के लिए न करें, बल्कि इसे ज्ञान बढ़ाने और भविष्य बनाने का माध्यम बनाएं. मुख्यमंत्री ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने पर 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर इस योजना की शुरुआत की गई थी. तब दो करोड़ युवाओं को डिजिटल उपकरण देने का संकल्प लिया गया था.
आईआईएम लखनऊ से कराए गए अध्ययन में इसके उत्साहजनक परिणाम सामने आए. युवाओं की मांग पर अब स्मार्टफोन के स्थान पर टैबलेट वितरण को प्राथमिकता दी जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र है जिसकी 56% आबादी युवा है.
यह भी पढ़ें | UPTET के लिए OTR जरूरी, नोट कर लीजिए ये जरूरी तारीखें
यह भी पढ़ें | शांतिनिकेतन से ऑक्सफोर्ड तक, इंदिरा गांधी ने कहां से की थी पढ़ाई?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं