पाकिस्तान के पूर्व स्टार तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के एक बयान ने खलबली मचा दी है. उनका कहना है कि क्रिकेट धीरे-धीरे अपना आकर्षण खो रहा है. युवा पीढ़ी और उनके अपने बच्चे इस खेल में पहले की तरह दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं. विजडन के 'द स्कूप' पॉडकास्ट में हुए बातचीत के दौरान अख्तर ने कहा कि पिछले 20 सालों से क्रिकेट लगातार गिरावट की ओर जा रहा है. जिसके लिए उन्होंने नियमों में हुए बदलाव और करिश्माई खिलाड़ियों की कमी को जिम्मेदार ठहराया है.
शोएब अख्तर ने कहा, 'यह खेल (क्रिकेट) मर रहा है. पिछले 20 सालों से क्रिकेट लगातार मर रहा है.'
शोएब अख्तर के मुताबिक आधुनिक क्रिकेट बल्लेबाजों के पक्ष में ज्यादा नजर आता है. उन्होंने कहा कि मुकाबले के दौरान दो नई गेंदों के इस्तेमाल से तेज गेंदबाजों का प्रभाव कम हो गया है.
पाक दिग्गज के मुताबिक चिंता सिर्फ नियमों तक सीमित नहीं है. अख्तर को लगता है कि पाकिस्तान ऐसे खिलाड़ियों को तैयार नहीं कर पा रहा है. जो नई पीढ़ी को प्रभावित कर सके.
उन्होंने कहा, 'मेरा बेटा कहता है 'डैड, मुझे हमारी टीम में कोई आक्रामकता नजर नहीं आती है.'
बॉल टैंपरिंग पर अख्तर का बयान
शोएब अख्तर ने अपने खेल के दिनों की बॉल टैंपरिंग पर भी खुलकर बात की है. उन्होंने बताया कि खिलाड़ी गेंद की सतह को बदलने और रिवर्स स्विंग हासिल करने के लिए बोतल के ढक्कनों का इस्तेमाल करते थे.
अख्तर ने कहा, 'हम इंग्लैंड में सैंडपेपर नहीं, बल्कि बोतल के ढक्कनों का इस्तेमाल करते थे.'
ऑस्ट्रेलिया की चर्चित बॉल टैंपरिंग पर अख्तर का बयान
साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से हुई चर्चित बॉल टैंपरिंग की घटना पर अपना विचार साझा करते हुए पाक दिग्गज ने कहा कि ऐसी चीजों की जानकारी आमतौर पर पूरी टीम को होती है. ये बात एक-दो खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रह सकती है.
टेस्ट क्रिकेट के लिए एक लाख डॉलर देने को तैयार अख्तर
अख्तर का कहना है कि अगर तेज गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियों में टेस्ट मैच आयोजित किया जाए तो वह इसके लिए एक लाख डॉलर तक देने को तैयार हैं. वह चाहते हैं कि क्रिकेट में फिर से वही रोमांच लौटे, जिसके लिए कभी तेज गेंदबाजी मशहूर हुआ करती थी.
राजनीति और पीसीबी से दूर रहेंगे अख्तर
अख्तर का कहना है कि उन्होंने अपनी मां से वादा किया है. वह राजनीति और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से दूर रहेंगे. वह अपने इस वादे को पूरी तरह से निभाना चाहते हैं.
यह भी पढ़ें- गिल का फूटा गुस्सा, फिलिप्स के DRS ड्रामा पर अंपायर से भिड़े, मैदान पर हुई गरमा-गरम बहस, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं