Paper Leak Exam Cancelled: देश की परीक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है. पिछले करीब एक साल के दौरान पेपर लीक और परीक्षा की गंभीर गड़बड़ियों के कारण राष्ट्रीय से लेकर राज्य स्तर तक कई बड़ी परीक्षाओं को रद्द या दोबारा आयोजित करना पड़ा. इनमें देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG भी शामिल है, जिसमें 22 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हुए थे. झारखंड बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा के दो पेपर भी रद्द हुए, जबकि उत्तराखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी पेपर लीक के मामले सामने आए. इन मामलों से कम से कम करीब 27 लाख छात्र-अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं.
NEET-UG में 22 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों को फिर देनी पड़ी परीक्षा
इस सूची का सबसे बड़ा मामला NEET-UG 2026 का है. 3 मई को हुई परीक्षा के बाद NTA ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया और 21 जून को री-एक्जामनिशेन आयोजित किया गया. इस परीक्षा के लिए 22,79,743 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था और 22,05,035 उम्मीदवार 3 मई की परीक्षा में शामिल हुए थे. यानी अकेले इस मामले ने 22 लाख से ज्यादा मेडिकल उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा की प्रक्रिया से गुजरने पर मजबूर किया.
झारखंड में 4.33 लाख छात्रों के हिंदी और विज्ञान पेपर रद्द
फरवरी 2025 में झारखंड अकादमिक काउंसिल ने मैट्रिक के हिंदी और विज्ञान विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी थीं. प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद बोर्ड को यह फैसला लेना पड़ा. उस साल कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में करीब 4.33 लाख छात्र शामिल होने वाले थे.
उत्तराखंड में भर्ती परीक्षा भी रद्द
उत्तराखंड में UKSSSC की ग्रेजुएट लेवल भर्ती परीक्षा को पेपर लीक के बाद रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया गया था. इस मामले में एक लाख से ज्यादा अभ्यर्थी प्रभावित हुए थे.
ये भी पढ़ें - UPTET में फेल हुए 62 हजार शिक्षकों की क्या चली जाएगी नौकरी? जानें अब क्या बचे हैं विकल्प
महाराष्ट्र में पूरी ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती प्रक्रिया रद्द
सबसे ताजा मामला महाराष्ट्र का है. MPSC ने 22 मार्च 2026 को हुई ड्रग इंस्पेक्टर, ग्रुप- B भर्ती परीक्षा से जुड़ी पूरी प्रक्रिया रद्द कर नई परीक्षा कराने का फैसला किया है. आयोग ने बाद में पेपर लीक की बात स्वीकार की और मामले में छह लोगों की गिरफ्तारी हुई है.
छत्तीसगढ़ में एक के बाद एक दो पेपर रद्द
रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में अगस्त 2026 में BSc एग्रीकल्चर के दो अलग-अलग पेपर रद्द करने पड़े. दूसरे वर्ष की Entomology परीक्षा में करीब 500 छात्र शामिल हुए थे, जबकि जांच के बाद पहले वर्ष की Plant Pathology परीक्षा का प्रश्नपत्र भी लीक होने की पुष्टि के बाद रद्द कर दिया गया.
ये भी पढ़ें - NEET-JEE के लेवल को मैच नहीं कर रही स्कूली पढ़ाई, एक्सपर्ट कमेटी ने बताया क्यों बढ़ रहा कोचिंग कल्चर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं