महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने पेपर लीक और बाकी चीजों को लेकर चल रहे बवाल के बीच तीन बड़ी परीक्षाओं को स्थगित करने का फैसला लिया है. पेपर लीक के खतरे को देखते हुए आयोग की तरफ से ये कदम उठाया गया है. जब तक पूरी व्यवस्था को ठीक नहीं किया जाता है और अभ्यर्थियों को भरोसे में नहीं लिया जाएगा, तब तक इन परीक्षाओं को स्थगित रखा जा रहा है. महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग की ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा में हुई धांधली के बाद से ही अभ्यर्थी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और परीक्षा को टालने की मांग भी कर रहे थे.
MPSC की ये परीक्षाएं हुईं पोस्टपोन
- महाराष्ट्र राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026
- महाराष्ट्र सिविल इंजीनियरिंग सेवा मुख्य परीक्षा 2026
- महाराष्ट्र ग्रुप-B (Non-Gazetted) मुख्य परीक्षा 2026
कब तक होगा नई तारीखों का ऐलान?
महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग की तरफ से अभी ये नहीं बताया गया है कि इन परीक्षाओं को दोबारा कब आयोजित कराया जाएगा. फिलहाल माना जा रहा है कि तमाम मामलों की जांच के बाद ही नया शेड्यूल जारी हो सकता है. इसमें करीब एक महीने का वक्त लग सकता है. छात्रों के मन में संदेह को देखते हुए फिलहाल इन परीक्षाओं को आगे के लिए टाल दिया गया है.
दोबारा होगी कॉपियों की जांच
छात्रों, अभिभावकों और तमाम जनप्रतिनिधियों की शिकायत के बाद आयोग ने 2025 मुख्य परीक्षा की कॉपियों का री-इवैल्यूएशन का फैसला लिया है. छात्रों ने कॉपियों की चेकिंग पर सवाल उठाए थे, जिसके बाद अब दोबारा इनकी जांच हो रही है. ऐसे में पूरी भर्ती प्रक्रिया में देरी हो रही है.
ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती पर हुआ था बवाल
महाराष्ट्र में ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती इसी साल मार्च में हुई थी, जिसका पूरा प्रोसेस अगस्त तक लगभग खत्म हो चुका था और अभ्यर्थी ज्वाइनिंग लेटर का इंतजार कर रहे थे. ऐसे में पेपर लीक की खबर सामने आई और फिर पता चला कि वाकई में एग्जाम से दो दिन पहले ही सवाल बाहर आ चुके थे. इसके बाद इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया. अब आयोग की बाकी परीक्षाओं को लेकर भी इसी तरह के सवाल उठ रहे हैं.
ये भी पढ़ें - सरकारी नौकरी का सपना अभी जिंदा है! कई राज्यों ने बढ़ाई उम्र सीमा, जानें किसे मिलेगा फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं