विज्ञापन

हिमाचल सरकार का बड़ा फैसला, स्कूलों के एडमिशन फॉर्म से हटेगा जाति का कॉलम

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने निर्देश दिया कि अगले सत्र से स्कूलों में एडमिशन फॉर्म से जाति का कॉलम हटा दिया जाए. हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति कल्याण बोर्ड (HPSCWB) की बुधवार को बैठक हुई थी. इस दौरान ये फैसला लिया गया है.

हिमाचल सरकार का बड़ा फैसला, स्कूलों के एडमिशन फॉर्म से हटेगा जाति का कॉलम
मेधावी छात्रों को एक प्रतिशत ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक का लोन.

हिमाचल प्रदेश के स्कूलों के दाखिले के फॉर्म से जाति का कॉलम हटाने का निर्देश दिया गया है. राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति कल्याण बोर्ड (एचपीएससीडब्ल्यूबी) की बैठक में हिस्सा लिया था और इसकी अध्यक्षता करते हुए यह निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार समाज से जाति आधारित भेदभाव खत्म करना चाहती है. साथ ही भाईचारे और समानता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है.  उन्होंने कहा जाति का कॉलम हटाना इस दिशा में एक कदम होगा और इससे यह पक्का करने में मदद मिलेगी कि बच्चों में जाति के आधार पर हीन भावना न आए.

हालांकि, सरकारी योजनाओं और फायदों का लाभ उठाने के लिए अनुसूचित जाति के लोगों को अपनी जाति की जानकारी देनी होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अनुसूचित जाति के लोगों की समस्याओं को हल करने को प्राथमिकता दे रही है. उनके कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं. सभी पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं के बारे में जानकारी दी जानी चाहिए ताकि वे इनका लाभ उठा सकें.

छात्रों के लिए 20 लाख रुपये तक का लोन

सुक्खू ने कहा कि सरकार मेधावी छात्रों को हायर एजुकेशन के लिए एक प्रतिशत ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक का लोन भी उपलब्ध करा रही है. गरीब परिवारों के लिए ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना' लागू करने जा रही है. इसके तहत पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी, जबकि इन परिवारों की महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक पेंशन प्रदान की जाएगी.

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में उनके विभाग ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान से जुड़ी योजनाओं के लिए करीब 315 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं.

ये भी पढ़ें- विदेश से MBBS करने वालों को बड़ा झटका, FMGE पासिंग मार्क्स में नहीं मिलेगी कोई छूट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Himachal Pradesh, Himachal Pradesh School, Himachal Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com