विज्ञापन
This Article is From May 30, 2017

साथी महिला अधिकारी को डूबने से बचाने की कोशिश में प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी की मौत

चश्मदीद गवाहों के मुताबिक पार्टी के दौरान एक महिला अधिकारी अचानक फिसलकर स्विमिंग पूल में गिर पड़ी, और आशीष दहिया सहित कई अधिकारियों ने उसे बचाने की कोशिश की.

साथी महिला अधिकारी को डूबने से बचाने की कोशिश में प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी की मौत
प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी आशीष दहिया की बेरसराय में एक पार्टी के दौरान स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई है...
नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के बेरसराय इलाके में साथी महिला अधिकारी को स्विमिंग पूल में डूबने से बचाने की कोशिश में एक युवा प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी की मौत हो गई है.

मिली जानकारी के मुताबिक, सोनीपत निवासी 30-वर्षीय आशीष दहिया भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में वर्ष 2016 में चयनित हुए थे, और सोमवार शाम को अपने कुछ मित्रों, जो भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) तथा भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के प्रशिक्षु अधिकारी हैं, से मिलने बेर सराय स्थित फॉरेन सर्विस इंस्टीट्यूट में आए थे. स्विमिंग पूल के किनारे हो रही पार्टी के दौरान अधिकारियों ने पूल में स्नान करने का इरादा बनाया. पुलिस को मौके पर मिले सबूतों से पता चलता है कि पार्टी के दौरान अधिकारी शराब का सेवन कर रहे थे.
 
foreign club institute ber sarai

चश्मदीद गवाहों ने पुलिस को बताया कि तैराकी के दौरान एक महिला अधिकारी अचानक फिसलकर पूल में गिर पड़ी, और आशीष दहिया सहित कई अधिकारियों ने उसे बचाने की कोशिश की. महिला अधिकारी को सुरक्षित बाहर खींच लिया गया, लेकिन तभी सभी का ध्यान इस तरफ गया कि आशीष कहीं नहीं दिख रहा है.

लेकिन जल्द ही आशीष पूल की सतह पर नज़र आया, और उसे बाहर निकालकर स्टेशन मेडिकल ऑफिसर डॉ प्रम्येश बसाल को बुलाया गया. आशीष को सीपीआर देने की कोशिश भी की गई, और फिर उसे फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे रात 12:50 बजे मृत घोषित कर दिया गया. आशीष को अस्पताल ले जाए जाते वक्त ही पीसीआर को कॉल किया गया था, जो वसंत विहार पुलिस स्टेशन पर रिसीव की गई.

आशीष के परिवार को सूचना दे दी गई, और वे दिल्ली पहुंच चुके हैं. आशीष दहिया के शव को ऑल इंडिया मेडिकल इंस्टीट्यूट ले जाया जा रहा है, जहां उसका पोस्टमॉर्टम किया जाएगा. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौका-ए-वारदात पर मौजूद हैं, जो सबूत एकत्र कर रहे हैं तथा मामले से जुड़े लोगों के बयान ले रहे हैं.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ashish Dahiya, IAS Officer Drowned, IAS Officer Dies, Drowned In Pool, Drowned In Swimming Pool
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com