विज्ञापन

बुजुर्ग महिला तक को नहीं छोड़ा, टोलकर्मियों ने परिवार पर बरसाए डंडे, NHAI ने कंपनी पर ठोका 15 लाख का जुर्माना

दिल्ली के द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित बिजवासन टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों द्वारा एक परिवार से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद NHAI ने सख्त कार्रवाई की है. 

द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित बिजवासन टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों द्वारा एक परिवार से मारपीटकर दी गई.

द्वारका एक्सप्रेसवे के बिजवासन टोल प्लाजा पर एक परिवार के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सख्त रुख अपनाया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में टोल कर्मचारियों पर परिवार के सदस्यों के साथ हिंसक व्यवहार करने के आरोप लगे हैं. मामला सामने आते ही प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए. बताया जा रहा है कि 5 नवंबर को एक परिवार अपनी कार से द्वारका एक्सप्रेसवे पर सफर कर रहा था. बिजवासन टोल प्लाजा पर उनके FASTag को ब्लैकलिस्ट दिखाया गया. इसी बात को लेकर टोल कर्मचारियों और परिवार के बीच बहस शुरू हुई. कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया.

बैरियर बना हथियार, परिवार पर हमला

वायरल वीडियो में कुछ टोल कर्मचारियों को परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते देखा जा सकता है. वीडियो में एक कर्मचारी लंबा धातु का बैरियर उठाकर लोगों पर वार करता दिखाई देता है. आरोप है कि परिवार के दो पुरुष सदस्यों और एक बुजुर्ग महिला को पीटा गया. बीच-बचाव करने की कोशिश कर रही महिला के सामने भी मारपीट जारी रही. घटना को पास से गुजर रही एक महिला ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया.

सोशल मीडिया पर वीडियो से मचा हड़कंप

9 नवंबर को वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने टोल कर्मचारियों के व्यवहार पर नाराजगी जताई. कई लोगों ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए. वीडियो तेजी से वायरल हुआ और मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींच लिया.

पुलिस ने शुरू की जांच

वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस की कापसहेड़ा यूनिट ने जांच शुरू की. पुलिस टीम ने टोल प्लाजा का दौरा किया और वहां लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. अधिकारियों और टोल प्रबंधन से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी जुटाई गई. मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. घटना पर बढ़ते दबाव के बीच टोल संचालन एजेंसी ने मारपीट में कथित रूप से शामिल चार कर्मचारियों को तत्काल हटा दिया. कंपनी ने आंतरिक स्तर पर भी जांच शुरू की है.

NHAI ने टोल संचालन करने वाली कंपनी पर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. साथ ही उसे एक महीने तक NHAI की मौजूदा और आगामी निविदाओं में हिस्सा लेने से रोक दिया गया है. प्राधिकरण ने कंपनी को 14 नवंबर तक बिजवासन टोल प्लाजा का संचालन दूसरी एजेंसी को सौंपने का आदेश भी दिया है.

एक साल के प्रतिबंध की भी तैयारी

मामला यहीं खत्म नहीं हुआ है. NHAI ने कंपनी, उसके मालिकों और निदेशकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. इसमें उन्हें भविष्य की परियोजनाओं में एक साल तक भाग लेने से प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव रखा गया है. अंतिम फैसला जवाब मिलने के बाद लिया जाएगा.

यात्रियों की सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस

NHAI का कहना है कि टोल प्लाजा पर अनुशासन बनाए रखना और यात्रियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना एजेंसी की जिम्मेदारी है. प्राधिकरण ने इस घटना को कर्मचारियों की निगरानी में गंभीर विफलता बताया और स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और गरिमा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.

शिकायत कहां करें?

टोल या FASTag से जुड़ी किसी भी समस्या की शिकायत अब राजमार्ग यात्रा (Rajmargyatra) ऐप के फीडबैक फीचर के जरिए की जा सकती है. इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन नंबर 1033 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.

यह भी पढ़ें | मिर्जापुर में NH-34 पर पुल में गड्ढा, पूरी तरह ये किया गया बंद, नीचे से गुजर रहे वाहन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dwarka Expressway, NHAI, Fastag News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com