विज्ञापन
This Article is From Dec 05, 2018

दिल्ली : द्वारका हिट एंड रन केस में दूसरे शख्स की भी मौत, पकड़ा गया मर्सडीज़ मालिक

पुलिस ने ट्रांसपोर्ट विभाग से कुल 4675 मर्सडीज़ गाड़ियों के डिटेल्स निकाले और आरोपी तक पहुंच गई

दिल्ली : द्वारका हिट एंड रन केस में दूसरे शख्स की भी मौत, पकड़ा गया मर्सडीज़ मालिक
वह मर्सडीज जिससे हादसा हुआ.
नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका इलाके के गणपति चौक में एक हिट एंड रन केस के मामले में पुलिस ने मर्सडीज़ कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं इस हादसे में घायल दूसरे शख्स की भी बुधवार की शाम इलाज़ के दौरान मौत हो गई.

द्वारका के डीसीपी एन्टो अल्फोंस के मुताबिक 2 दिसंबर की रात करीब 12 बजे कॉल सेंटर में काम करने वाले एक शख्स ने पुलिस को फोन कर बताया कि 2 लोग सड़क पर घायल हालत में पड़े हैं. पुलिस जब मौके पर पहुचीं तो वहां 35 साल का सर्वेश और 30 साल का इंदर लहूलुहान हालत में पड़े थे. आसपास फल फैले पड़े थे. दोनों वीकली मार्केट से फल बेचकर अपनी-अपनी रेहड़ी लेकर आ रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.

पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां सर्वेश की उसी समय मौत हो गई. जबकि इंदर की बुधवार शाम को मौत हो गई. पुलिस ने मौके से एक मर्सडीज़ का लोगो बरामद किया जिससे पता चला कि हो सकता है दोनों को टक्कर मर्सडीज़ ने मार दी हो.

चश्मदीद  ने बताया कि उसने हिट करने वाली गाड़ी नहीं देखी, आसपास कोई सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे. पुलिस के मुताबिक उसने ट्रांसपोर्ट विभाग से कुल 4675 मर्सडीज़ गाड़ियों के डिटेल्स लिए और 55 पुलिसकर्मियों ने इसकी जांच की. मर्सडीज़ के दिल्ली और एनसीआर के सभी 9 सर्विस स्टेशनों और कार रिपेयर करने वाली करीब 40 दुकानों में भी कार की तलाश की गई.

इसके बाद पुलिस आरोपी 28 साल के नकुल तक पहुचीं. आरोपी दिल्ली की राजनगर पालम कॉलोनी का रहने वाला है. आरोपी ने बताया कि उस रात वह द्वारका में अपनी ग्रोसरी शॉप बन्द करने के बाद अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा था तभी ये हादसा हो गया. हादसे के वक़्त कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com