यूपी के बागपत में शुक्रवार दोपहर को एक कॉलेज के तीन युवकों ने कॉलेज प्रबंधक को सरेआम गोली मार दी. पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है. घायल प्रबंधक को स्थानीय निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया, हालांकि रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया. बागपत के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रताप गोपेन्द्र यादव ने घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया, 'जनपद के मल्लापुर निवासी गुलवीर सिंह (33) बड़ौत में हिमालय कॉलेज के प्रबन्धक थे.
शुक्रवार दोपहर जब वह कॉलेज में अपने कक्ष में बैठे थे, तभी बीए प्रथम वर्ष का एक छात्र अपने दो साथियों के साथ उनसे मिलने पहुंचा. कुछ देर बातचीत के बाद जब प्रबंधक छात्रों के साथ कॉलेज परिसर की तरफ मुड़े तभी कक्ष के दरवाजे पर हमलावरों ने उनके सीने में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.'
एसपी के अनुसार मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है. अब तक मृतक के परिजन अथवा कॉलेज प्रबन्धन की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं