हाल ही में जिंबाब्वे दौरे टीम अय्यर आसानी से 3-0 से सीरीज अपने नाम करने में सफल रही. रिजल्ट को लेकर कोई शक भी किसी को नहीं था. लेकिन सीरीज खत्म होने के बाद कुछ बातें पूर्व क्रिकेटर और फैंस को चुभ रही हैं. और इनमें संभवत: सबसे ऊपर अभिषेक शर्मा हैं. इसकी वजह एकदम साफ है और वह पूर्व कप्तान और चीफ सेलेक्टर रह चुके कृष्णाचारी श्रीकांत के निशाने पर हैं. श्रीकांत ने चयनकर्ताओं से आग्रह किया है कि अगर इस सलामी बल्लेबाज का खराब फॉर्म जारी रहता है तो वे कड़ा फैसला लें.
बाएं हाथ का यह बल्लेबाज तीन मैचों की टी20 श्रृंखला में बुरी तरह फ्लॉप रहा और एक बार भी मैच में दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सका.अपनी पिछली छह टी20आई पारियों में से प्रत्येक में वह 20 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए हैं. और इसी वजह से अभिषेक शर्मा सभी के निशाने पर हैं. उनके प्रदर्शन के साथ ही टी20 विश्व कप जीत के दौरान 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे संजू सैमसन फिर से चर्चा के केंद्र में आ गए हैं.
अभिषेक के गिरते फॉर्म पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'अभिषेक शर्मा की कमजोरी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विपक्षी टीमों ने पकड़ ली है. मुझे लगता है कि अब उनके खिलाफ कड़ा फैसला लेने का समय आ गया है. मुझे लगता है कि संजू को अब फिर से मौका मिलेगा. उन्हें सौ फीसदी वापस बुलाया जाएगा, लेकिन अब चयनकर्ताओं को एक कठोर फैसला लेना ही होगा.'
मयंक यादव की वापसी पर श्रीकांत ने जताई खुशी
जहां अभिषेक का फॉर्म चर्चा का विषय रहा, वहीं भारत के लिए तेज गेंदबाज मयंक यादव की वापसी सकारात्मक रही. मयंक ने चोट के बाद वापसी करते हुए तीन मैचों में अच्छी गेंदबाजी की और अंतिम मैच में तीन विकेट चटकाए. श्रीकांत ने मयंक की निरंतरता और गति की तारीफ करते हुए कहा कि सही युवाओं का समर्थन करना बेहद जरूरी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं