Will MS Dhoni Announced Retirement at Chepauk in CSK vs SRH Match: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में आज चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) अपने घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम (Chepauk) में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की मेजबानी करने जा रही है. इस आखिरी घरेलू मैच को लेकर फैंस के दिलों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं, लेकिन हर किसी की जुबां पर सिर्फ एक ही सवाल है क्या 'थाला' महेंद्र सिंह धोनी आज सीएसके की प्लेइंग-11 में नजर आएंगे, या फिर फैंस को इस पूरे सीजन की तरह आज भी सिर्फ इंतजार ही हाथ लगेगा? फैंस उम्मीद लगाए बैठे हैं कि T20 लीग से अपनी रिटायरमेंट (MS Dhoni Retirement) की घोषणा करने से पहले, वे धोनी को आखिरी बार मैदान पर खेलते हुए देख सकें.
सीजन की शुरुआत से ठीक पहले धोनी पिंडली की चोट (Calf Injury) का शिकार हो गए थे. तब सीएसके ने आधिकारिक बयान में उनके दो हफ्ते बाहर रहने की बात कही थी, लेकिन अब सात हफ्ते बीत चुके हैं और धोनी एक भी मैच की टीम में शामिल नहीं हो सके हैं. हैरानी की बात यह है कि शुरुआती कुछ दिनों के बाद ही वह नेट्स पर लौट आए थे, पर उन्होंने टीम के साथ सफर नहीं किया और घरेलू मैचों में भी डगआउट से दूर रहे. इससे फैंस के बीच निराशा और भ्रम का माहौल बना हुआ है.
𝐄𝐤𝐝𝐮𝐦 𝐟𝐢𝐭, 𝐌𝐚𝐡𝐢 𝐛𝐡𝐚𝐢 👌
— Star Sports (@StarSportsIndia) May 17, 2026
MS Dhoni is looking as sharp as ever… are we about to see him in action tomorrow at Chepauk? 👀#TATAIPL Race to Playoffs 2026 👉 #CSKvSRH | MON, MAY 18, 6:30 PM pic.twitter.com/pjtBOCIi2m
धोनी ने पांच साल पहले संन्यास को लेकर कही थी ये बात
यह मौका धोनी की उस घोषणा से भी पूरी तरह मेल खाता है जो उन्होंने पांच साल पहले खुद की थी. 2021 में चेन्नई में CSK के IPL खिताब के जश्न के दौरान, धोनी ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि वे अपना आखिरी T20 मैच चेन्नई में ही खेलेंगे. पांच साल बाद, CSK का मुकाबला चेपॉक में SRH से होने वाला है.
"मैंने हमेशा अपने क्रिकेट की योजना बनाई है. मैंने अपना आखिरी मैच रांची में खेला था. ODI में मेरा आखिरी घरेलू मैच मेरे गृहनगर रांची में हुआ था. इसलिए, उम्मीद है कि मेरा आखिरी T20 मैच चेन्नई में होगा. चाहे वह अगले साल हो या पांच साल बाद, हमें ठीक-ठीक नहीं पता," धोनी ने पांच साल पहले संन्यास की संभावित समय-सीमा के बारे में संकेत देते हुए कहा था.
पांच साल की यह समय-सीमा आज रात खत्म हो रही है, जब चेन्नई और सनराइजर्स चेपॉक में आमने-सामने होंगे. असल में, इस मैच के बाद चेन्नई में कोई और मैच होना तय नहीं है. इसलिए, ऐसी प्रबल संभावना है कि आज रात चेपॉक के दर्शक आखिरी बार CSK के घरेलू मैदान पर धोनी को खेलते हुए देख सकते हैं.
धोनी ने हमेशा की तरह नेट्स पर जमकर बहाया पसीना
हालांकि, आज के महामुकाबले से पहले फैंस के लिए एक बड़ी उम्मीद की किरण जगी है. मैच से पूर्व संध्या पर धोनी ने हमेशा की तरह नेट्स पर जमकर पसीना बहाया और बल्लेबाजी अभ्यास में लंबा वक्त बिताया. इसके अलावा, भारतीय दिग्गज और अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के एक दावे ने फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है. अश्विन ने हाल ही में खुलासा किया कि उन्होंने सुना है कि धोनी पिछले कुछ मैचों से पूरी तरह फिट हो चुके हैं.
अश्विन का मानना है कि हैदराबाद के खिलाफ आज का यह मुकाबला वही ऐतिहासिक पल हो सकता है, जब पूर्व कप्तान आखिरकार मैदान पर विकेटकीपिंग दस्ताने पहने नजर आ सकते हैं.
लेकिन, चूंकि टीम इस सीजन का अपना आखिरी मैच चेपॉक में खेल रही है, तो ऐसा लगता है कि फैंस को भारतीय क्रिकेट के इस दिग्गज की आखिरी झलक देखने को मिल सकती है, जो IPL में उनका विदाई मैच भी हो सकता है. अब देखना दिलचस्प होगा कि चेपॉक आज धोनी-धोनी के नारों से गूंजता है या थाला के दीवानों की यह हसरत अधूरी रह जाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं