- टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड का मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा
- अगर 5 मार्च को बारिश से मैच नहीं हो पाया तो 6 मार्च को रिजर्व डे पर मुकाबला खेला जाएगा
- दोनों दिन बारिश के कारण मैच रद्द होने पर सुपर-8 राउंड में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम फाइनल में पहुंचेगी
IND vs ENG Mumbai Weather Forecast, T20 World Cup 2026 Seix: टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होने वाले हैं. लगातार तीसरी बार यह दोनों टीमें टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भिड़ेंगी, जिससे मुकाबले का रोमांच और भी बढ़ गया है. लेकिन इस हाई-वोल्टेज मैच पर बारिश का साया मंडराने लगा है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इस सेमीफाइनल के लिए 6 मार्च को रिजर्व डे रखा है. यानी अगर 5 मार्च को बारिश की वजह से मैच शुरू नहीं हो पाता या अधूरा रह जाता है, तो मुकाबला अगले दिन पूरा कराया जाएगा, लेकिन असली सवाल यह है कि अगर 5 मार्च को भी मैच नहीं हो पाया और 6 मार्च को रिजर्व डे पर भी लगातार बारिश के कारण मुकाबला रद्द करना पड़ा, तो फाइनल में कौन पहुंचेगा?
बारिश के कारण मुकाबला रद्द तो फाइनल में कौन?
नियमों के मुताबिक ऐसी स्थिति में सुपर-8 राउंड में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को फाइनल का टिकट मिलेगा. यहां पर पलड़ा इंग्लैंड के पक्ष में झुका हुआ है. इंग्लैंड ने सुपर-8 चरण में खेले अपने तीनों मुकाबले जीते थे. दूसरी ओर, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराया, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी.
इसका सीधा मतलब है कि अगर सेमीफाइनल और रिजर्व डे दोनों दिन बारिश के कारण खेल संभव नहीं हो पाया, तो इंग्लैंड सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी और भारत का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा.

Photo Credit: Accuweather.com

Photo Credit: Accuweather.com
AccuWeather के अनुसार, गुरुवार को मुंबई में बारिश की संभावना बिल्कुल भी नहीं है. सेमी-फाइनल के लिए रिजर्व पिच का इस्तेमाल टूर्नामेंट में दो बार किया गया है, जब वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड के खिलाफ 196 रन का बचाव किया था और जब इटली ने नेपाल को 123 रन पर आउट करने के बाद 10 विकेट से जीत हासिल की थी.
टी20 फॉर्मेट में भारत का रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ मजबूत
हालांकि आंकड़ों की बात करें तो टी20 फॉर्मेट में भारत का रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ मजबूत रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक 29 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 17 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं. पिछले टी20 विश्व कप 2024 के सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 68 रन से हराया था, जबकि 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से मात दी थी.
अब नजरें मौसम पर भी टिकी हैं. अगर मौसम साफ रहा तो फैसला मैदान पर होगा. लेकिन अगर बारिश ने खेल बिगाड़ दिया, तो सुपर-8 का प्रदर्शन भारत के लिए भारी पड़ सकता है. ऐसे में भारतीय टीम के लिए दुआ यही होगी कि मुकाबला हर हाल में खेला जाए, ताकि फाइनल का रास्ता उनके प्रदर्शन से तय हो, न कि मौसम की मार से. हालांकि भारत-इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल और रिजर्व डे दोनों दिन बारिश के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं. ऐसे में उम्मीद यही की जा सकती है की मैच अपने तय दिन और समय पर खेला जाये और रिजर्व डे की भी जरुरत ना पड़े.
टीमें:
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह.
इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ़्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग, ल्यूक वुड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं