Vaibhav Sooryavanshi Eye World Record: कहते हैं आंकड़े झूठ नहीं बोलते और वर्ल्ड क्रिकेट के नए वंडर बॉय के रिकॉर्ड को देख दुनिया हैरान है. वैभव की उम्र 15 साल है, उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है, लेकिन गेंद को खड़े-खड़े बाउंड्री पार भेजने की कला बखूबी जानते हैं. अपने डेब्यू के बाद से ही दुनिया भर से दिग्गजों और फैंस की आंखों का तारा बन चुका यह बाएं हाथ का सलामी बल्लेबाज, हर पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ता है. वैभव ने टी20 में 22 पारियों में 418 गेंदों का सामना किया है और रन कूटे हैं 901. इस दौरान उनके बल्ले से 80 छक्के लगाए हैं. आईपीएल में बतौर ओपनर वैभव हर छक्का लगाने के लिए 4.69 गेंद खेल रहे हैं. जबकि इस लिस्ट में दूसरा सबसे अच्छा रेश्यो अभिषेक का है, 7.82 का.
वैभव अगर सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में 99 रन बनाते हैं तो वह पारियों से लिहाज से टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 1 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. मान लेते हैं कि वैभव ऐसा नहीं कर पाते हैं, लेकिन यह युवा सनसनी सबसे कम गेंदों में एक हजार रनों का रिकॉर्ड जरूर अपने नाम कर सकता है. इसके अलावा वह टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के लगाने के मामले में कीरोन पोलार्ड के रिकॉर्ड को दोगुने अंतर से पीछे छोड़ सकते हैं.
सबसे कम गेंदों पर 1000 रन का रिकॉर्ड
फिहलाल टी20 क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में एक हजार रन पूरे करने के मामले में मिचेल ओवेन सबसे आगे है. इस ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने सिर्फ 533 गेंदों में यह कारनामा किया है. वैभव के पास उन्हें पीछे छोड़ने के लिए अभी 100 से अधिक गेंद हैं और वो आसानी इस बल्लेबाज को पीछे छोड़ यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लेगा.
वहीं बात अगर टी20 क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में 100 छक्के की करें तो यह रिकॉर्ड कीरोन पोलार्ड के नाम है, जिन्होंने 843 गेंदें में ऐसा किया था. सूर्यवंशी इन रिकॉर्ड को दोगुने अंतर से तोड़ सकते हैं और इसके लिए उन्हें 20 छक्के और चाहिए.
दिग्गज गेंदबाजों का बुरा हाल
IPL में जिन 19 गेंदबाज़ों ने उन्हें कम से कम पांच गेंदें डाली हैं, उनमें से सिर्फ़ चार ही उन्हें 150 से कम के स्ट्राइक रेट पर रोक पाए हैं - आर अश्विन, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा और राशिद खान. दूसरी ओर, दस गेंदबाज़ों के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट 250 से ज़्यादा रहा है. इसमें बुमराह, अर्शदीप और हेनरी शामिल हैं. वैभव ने आईपीएल में सिर्फ 197 गेंदों का सामना किया है और इस दौरान उन्होंने 452 रन बनाए हैं. इसमें 1 शतक और 3 अर्द्धशतक लगाए हैं. आईपीएल में वह 42 छक्के लगा चुके हैं. आईपीएल में पावरप्ले के अंदर उनका स्ट्राइक रेट 275 से अधिक का है और यह आंकड़े दिखाते हैं कि वैभव किस कदर प्रहार करते हैं.
यह भी पढ़ें: Rohit Sharma: पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेंगे रोहित शर्मा? इंजरी को लेकर आया अपडेट
यह भी पढ़ें: Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी की 'पावर दमदार', इस प्लान से विरोधी टीम को कर रहे ध्वस्त, आंकड़े दे रहे गवाही
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं